पंजाब सरकार पूरे राज्य में करवाएगी ‘हमारे राम’ नाटक की 41 प्रस्तुतियां, 12 शहरों में होगा भव्य मंचन
चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल करने जा रही है। पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने घोषणा की कि अगस्त और सितंबर के दौरान पूरे पंजाब में लोकप्रिय नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का भव्य मंचन कराया जाएगा। इस अभियान के तहत राज्य के 12 शहरों में कुल 41 प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि पंजाब सरकार का उद्देश्य रामायण के ऐतिहासिक महाकाव्य के माध्यम से सनातन संस्कृति, नैतिक मूल्यों और भारतीय परंपराओं का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करती है तथा लोगों को उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि ‘हमारे राम’ नाटक को देश और विदेश में दर्शकों, विशेषकर युवाओं, से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। अब पंजाब के लोग भी इस आधुनिक और भव्य प्रस्तुति का आनंद ले सकेंगे। नाटक में अत्याधुनिक लाइटिंग, साउंड सिस्टम, विजुअल इफेक्ट्स और हवाई कलाबाजियों के माध्यम से रामायण की कथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस नाट्य प्रस्तुति में अभिनेता आशुतोष राणा रावण की भूमिका निभाएंगे, जबकि राहुल आर. भूचर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे। कार्यक्रम की खास बात यह है कि यह पारंपरिक शैली से हटकर रामायण को एक नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करता है। कहानी माता सीता के वियोग के बाद लव-कुश और भगवान राम के संवाद से शुरू होती है और सूर्य देव के दृष्टिकोण से पूरी कथा आगे बढ़ती है।
सरकार के अनुसार इस सांस्कृतिक अभियान की शुरुआत 7 अगस्त से मोहाली में होगी और 27 सितंबर तक बठिंडा, जालंधर, फिरोजपुर, होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, पटियाला, खन्ना, लुधियाना और संगरूर सहित 12 शहरों में मंचन किया जाएगा। सभी स्थानों पर दर्शकों के लिए आधुनिक तकनीक से सुसज्जित मंच और ध्वनि-प्रकाश की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इन प्रस्तुतियों में शामिल होकर भगवान राम के जीवन, आदर्शों और संदेश पर आधारित इस भव्य नाट्य आयोजन का हिस्सा बनें।


