Homepunjabहर घर तिरंगा अभियान’ को जन-आंदोलन बनाएगी हरियाणा सरकार: नायब सिंह सैनी

हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-आंदोलन बनाएगी हरियाणा सरकार: नायब सिंह सैनी

हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-आंदोलन बनाएगी हरियाणा सरकार: नायब सिंह सैनी

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी

 

9 से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में आयोजित की जाएंगी तिरंगा यात्राएं, रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां एवं जन-जागरूकता गतिविधियां

 

14 अगस्त को पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’, गुरुग्राम में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

 

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा समता, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता का संदेश

 

चंडीगढ़, 4 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को पहले से अधिक व्यापक, प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित स्वरूप में आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक व्यापक जन-आंदोलन बनेगा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को हर घर तिरंगा अभियान, वंदे मातरम्, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के संबंध में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन खेलों में भारत ने 39 पदक जीतकर विश्व पटल पर अपनी खेल क्षमता का परिचय दिया है। इसका श्रेय उन्होंने भारत सरकार की उत्कृष्ट खेल प्रोत्साहन नीतियों को देते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस बात पर विशेष गर्व व्यक्त किया कि देश को मिले कुल 39 पदकों में से 10 पदक तथा 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं। इनमें भी 5 स्वर्ण पदक प्रदेश की बेटियों ने जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, उनके परिवारों तथा प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा की खेल नीति और खिलाड़ियों की मेहनत ने प्रदेश को देश की खेल राजधानी के रूप में स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आज पूरे देश में एक जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। पहले राष्ट्रीय ध्वज केवल सरकारी भवनों तक सीमित था, लेकिन अब प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त कर रहा है। इस वर्ष इस अभियान को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों भारतीयों में राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना का संचार किया तथा आज भी यह नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे हरियाणा में गांव-गांव, शहर-शहर, वार्ड-वार्ड और घर-घर तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ पहुंचाया जाएगा। इसमें सभी सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों, उद्योगों, स्वयंसेवी संगठनों, युवा क्लबों, खेल संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि किसान अपने खेतों एवं घरों पर, व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर, कर्मचारी अपने कार्यालयों में तथा प्रत्येक परिवार अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस अभियान को सफल बनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों की भागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति होगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज तथा वंदे मातरम् के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके साथ-साथ निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी, देशभक्ति गीत प्रतियोगिताएं तथा स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़ सके।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं, बाइक रैलियां, साइकिल रैलियां तथा ई-बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी। इन रैलियों के मार्ग स्थानीय शहीद स्मारकों, स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों तथा ऐतिहासिक स्थलों से होकर निर्धारित किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को अपने स्थानीय इतिहास और वीर सपूतों के योगदान को जानने का अवसर मिलेगा। 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में वंदे मातरम् थीम पर भव्य तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति और सामूहिक वंदे मातरम् गायन होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक पार्कों, पुस्तकालयों, सभागारों, स्कूलों तथा कॉलेजों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। साथ ही ‘सेल्फी विद तिरंगा’ डिजिटल अभियान के माध्यम से नागरिकों को हर घर तिरंगा पोर्टल से जोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से बड़ी संख्या में अपनी सेल्फी पोर्टल पर अपलोड कर राष्ट्रप्रेम का संदेश देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक तिरंगे को पूर्ण सम्मान एवं ध्वज संहिता के अनुरूप फहराए। फटा अथवा गंदा ध्वज उपयोग में न लाएं तथा अभियान समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखें।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को पूरे प्रदेश में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुग्राम में आयोजित होगा तथा जिला स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम होंगे। विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों को कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा तथा प्रदर्शनी, संवाद एवं कैंडल लाइट मौन यात्रा के माध्यम से उन लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी जिन्होंने विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाए अथवा विस्थापन का दर्द सहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राज्य स्तरीय ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ प्रारंभ किया गया है, जो 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से प्रारंभ हुई पवित्र कलश यात्रा हरियाणा पहुंच चुकी है और इसे प्रदेश के प्रत्येक गांव, शहर एवं बस्ती तक पहुंचाया जाएगा, ताकि सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी स्थित जन्मस्थली तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी तथा समता, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला पखवाड़ा हरियाणा में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और ऐतिहासिक चेतना का प्रतीक बनेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासी इन तीनों महत्वपूर्ण अभियानों-‘हर घर तिरंगा, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे तथा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूत करेंगे।

इस अवसर पर हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन श्री मोहन लाल कौशिक, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री केएम पांडुरंग, अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष कुमार लोहान तथा संयुक्त निदेशक श्री मानव मलिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

क्रमांक-2026

हरियाणा में युवाओं के लिए होम स्टे‘ की निःशुल्क ट्रेनिंग होगी

 

16 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

चंडीगढ़ ,4 अगस्त – हरियाणा सरकार के युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग के अंतर्गत आने वाले कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने राज्य के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में युवाओं को पर्यटन और आतिथ्य सत्कार (हॉस्पिटैलिटी) क्षेत्र में बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘होम स्टे’ की निःशुल्क ट्रेनिंग प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए जा रहे हैं।

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत राज्य के 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा होम स्टे ट्रेनिंग के लिए आवेदन करने के लिए पात्र होंगे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण और शहरी युवाओं को होम स्टे व्यवसाय की बारीकियों से अवगत कराना और उन्हें स्वावलंबी बनाना है। जो भी इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेना चाहते हैं, वे 4 अगस्त 2026 से लेकर 16 अगस्त 2026 तक अपने संबंधित जिला नोडल आई.टी.आई. (ITI) में जाकर अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवेदन प्रपत्र तथा सभी आवश्यक नियम व शर्तें विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.itiharyana.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई हैं, जहाँ से अभ्यर्थी इन्हें आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों के चयन की पूरी प्रक्रिया में विभाग का निर्णय ही अंतिम और सर्वमान्य रहेगा।

क्रमांक -2026

जंगबीर सिंह

पर्यावरण संरक्षण बना जन आंदोलन, हरियाणा ने रचा नया इतिहास: राव नरबीर सिंह

 

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला अभूतपूर्व जनसमर्थन, हर पौधे को पेड़ बनाने का लिया जाए संकल्प

 

चंडीगढ़, 4 अगस्त- हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस और वन महोत्सव प्रदेश के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हुए हैं। लोगों ने पौधारोपण को जन आंदोलन का रूप देकर न केवल पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी परिचय दिया है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी से ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘एक पेड़ अपने नाम’ के तहत कम से कम दो पौधे लगाने और उन्हें बड़ा पेड़ बनने तक संरक्षित करने का आह्वान भी  किया है।

उन्होंने कहा कि मानसून पौधारोपण और बीजारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय होता है। हमारा लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाना होना चाहिए। जिस प्रकार एक मां अपने बच्चे की शुरुआती वर्षों में देखभाल करती है, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को अपने लगाए पौधे की 5-6 वर्षों तक देखभाल अवश्य करनी चाहिए।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है। इसी चुनौती से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने पहली बार 100 करोड़ रुपये के ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड का बजटीय प्रावधान किया है। प्रदेश में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि कैंपा योजना के तहत अतिरिक्त 20 लाख पौधों के रोपण को भी मंजूरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1950 से शुरू हुआ वन महोत्सव आज पर्यावरण संरक्षण का राष्ट्रीय अभियान बन चुका है। इस वर्ष 77वें वन महोत्सव और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्य और जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों की व्यापक भागीदारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित भारत के संकल्प को नई मजबूती प्रदान की है। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और इसी उद्देश्य से राज्य सरकार विकसित हरियाणा दस्तावेज़ के अनुरूप वर्ष 2030 तक की कार्ययोजनाएं तैयार कर रही है।

वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा, स्वच्छ परिवहन और जलवायु-अनुकूल विकास को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन देना भी है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड के माध्यम से शून्य-उत्सर्जन वाहनों, नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण, शहरी हरितीकरण, जलवायु-अनुकूल कृषि और प्रकृति-आधारित समाधानों को बढ़ावा मिलेगा। इससे प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नवाचार और निवेश को भी नई गति मिलेगी।

सत्यव्रत/सोनिया

कॉमनवेल्थ के पदक विजेता खिलाड़ियों का खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने एयरपोर्ट पहुंचकर  किया नागरिक अभिनंदन

 

हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध: गौरव गौतम

चंडीगढ़, 4 अगस्त- स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश का परचम लहराकर लौटे भारतीय शूरवीर खिलाड़ियों का मंगलवार को स्वदेश पहुंचने

पर नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे  पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। देशभक्ति के तरानों, ढोल की थाप और फूलों की वर्षा के बीच पूरा एयरपोर्ट प्रांगण ‘भारत माता की जय’ के नारों से गुंजायमान हो उठा।

खेल राज्य मंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने स्वयं एयरपोर्ट पहुंचकर पदक विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से नागरिक अभिनंदन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट किए और पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।

इस दौरान खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि

हमारे एथलीटों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर 140 करोड़ देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा किया है।

इन खिलाड़ियों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश के करोड़ों युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगी।

हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को मिल रहा निरंतर प्रोत्साहन

खिलाड़ियों को बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए खेल राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य में खिलाड़ियों को न केवल विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और प्रशिक्षण सुविधाएं

दी जा रही हैं, बल्कि उनकी उपलब्धियों पर आकर्षक नकद पुरस्कार और सुरक्षित भविष्य (खेल नीति के तहत नौकरी) भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन

गौरतलब है कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय दल ने अपनी खेल क्षमता का लोहा मनवाते हुए कुल 39 पदक जीते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments