Homepunjabप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कर रहा हैं निरंतर प्रगति:...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कर रहा हैं निरंतर प्रगति: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कर रहा हैं निरंतर प्रगति: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

सिरसा में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा: कांग्रेस और विपक्षी दलों में आपसी मतभेद और खींचतान चल रही

 

जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

चंडीगढ़, 12 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ब्रिक्स की मेजबानी भारत द्वारा किया जाना देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है और पूरे विश्व में भारत के नेतृत्व की सराहना हो रही है।

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जिला प्रशासन को लोगों की शिकायतों का समयबद्ध तरीके से समाधान करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में 13 शिकायतों का निपटान किया गया है।

 

एक प्रश्न का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोगों से झूठे वादे किए, पंजाब में भी कांग्रेस के शासन के बाद लोगों ने बदलाव का निर्णय लिया। अब आम आदमी पार्टी के शासन को लेकर भी लोगों में असंतोष है तथा नशे जैसे गंभीर मुद्दे पर आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जाता है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करती है और आने वाले समय में वहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों में आपसी मतभेद और खींचतान चल रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को बेहतर प्रशासन उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठकों के माध्यम से लोगों की शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

क्रमांक-2026

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक

बैठक में 13 परिवादों का मौके पर किया गया समाधान

 

चंडीगढ़, 12 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित जन शिकायतों की सुनवाई की। बैठक में 16 शिकायतों में से 13 का मौके पर समाधान किया गया।

 

चत्तरगढ पट्टी आनंद विहार निवासी विजय कुमार ने शिकायत में बताया कि उसे सेक्टर-21 में फ्लैट नंबर 387 आवंटित किया गया था। इसके लिए उसने निर्धारित राशि जमा करवाई और अलॉटमेंट लेटर भी जारी किया गया, लेकिन अभी तक उसे फ्लैट का भौतिक कब्जा नहीं मिला है। शिकायतकर्ता के अनुसार फ्लैट में सीवर, पानी और बिजली कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता की इच्छा अनुसार ब्याज सहित रुपये वापिस करने तथा रिफंड के जितने भी मामले लंबित हैं, उनकी एक महीने में पेंडेंसी क्लीयर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस मामले में जिस अधिकारी की लापरवाही बनती हैं, जांच करके संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

वहीं पवन कुमार ने शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी एवं बच्चों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई तथा घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित मामले में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई के बजाय उसे और उसके परिवार को परेशान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए कि मामले में दोनों पक्षों की बात सुनकर जांच करके आवश्यक कार्रवाई की जाए।

गांव कंवरपुरा निवासी रामगोपाल ने शिकायत में बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत उसके खाते से करीब 76,960.31 रुपये की बीमा राशि काटी गई, लेकिन कपास की फसल का बीमा क्लेम अभी तक प्राप्त नहीं हुआ। शिकायतकर्ता ने बताया कि गांव के अन्य किसानों को बीमा राशि मिल चुकी है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए कि अधिकारी मामले की गहनता से जांच करें तथा किसान को तकनीकी दिक्कत दूर करके क्लेम दिया जाए।

 

इसी तरह एक अन्य शिकायत में कृष्णा देवी के नाम जारी दिव्यांग प्रमाणपत्र को फर्जी बताया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि प्रमाणपत्र में मेडिकल बोर्ड के चिकित्सकों के हस्ताक्षर हैं, जबकि प्रमाणपत्र को फर्जी बताकर मामले में कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने प्रमाणपत्र की निष्पक्ष जांच करवाने तथा गलत पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उपायुक्त को डेढ साल तक मामला लटकाने वाले अधिकारियों के खिलाफ जांच के निर्देश दिए।

 

वहीं मिल्क सोसायटी दि-जनता गांव करीवाला के शिकायतकर्ता ने मिल्क प्लांट सिरसा में बीएमसी के माध्यम से भेजे जाने वाले दूध की गुणवत्ता एवं भुगतान संबंधी शिकायत रखी। शिकायतकर्ता के अनुसार दूध में कास्टिक अधिक होने की बात कहकर दूध रिजेक्ट किया जाता है तथा दूध वापस लेने और भुगतान की प्रक्रिया को लेकर भी समस्या है। शिकायत में संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की गई है। इस मामले में मुख्यमंत्री ने तत्कालीन सीईओ के खिलाफ कड़ी कारवाई के निर्देश दिए।

 

अनीता रानी ने शिकायत में बताया कि उनके पति राजेन्द्र कुमार एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार घटना के दौरान परिवार के सदस्यों को चोटें आईं तथा बाद में भी दूसरे पक्ष द्वारा धमकियां दी गईं। मामले की पुलिस जांच के बावजूद शिकायतकर्ता ने उचित कार्रवाई न होने की बात कहते हुए दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि दोनों पक्षों की निजी सुनवाई की जाए और मामले का समाधान किया जाए।

 

सेक्टर-19 निवासी चड़त सिंह ने शिकायत में बताया कि उनकी भूमि पर मकान का निर्माण होने के बाद रास्ते की समस्या उत्पन्न हो गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार मकान तक आने-जाने के लिए कोई उचित रास्ता उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में पहले भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई तथा रास्ता उपलब्ध करवाने के आदेश हुए, लेकिन मामला अभी तक लंबित है। शिकायतकर्ता ने अपने मकान तक उचित रास्ता उपलब्ध करवाने की मांग की है। इस मामले में मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर जांच करने के निर्देश दिए।

 

डबवाली निवासी डॉ. मोहिंदर बंसल ने अनाज मंडी में डिवाइडर रिनोवेशन में पेड़ों की स्थिति बारे गलत एटीआर अपलोड करने पर नगर परिषद अधिकारियों पर कार्रवाई करने की शिकायत रखी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जो भी खराब पौधे लगे हुए हैं, उनको बदला जाए और कमेटी बना कर मामले की जांच की जाए।

 

बैठक में पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, उपायुक्त श्री शांतनु शर्मा, पूर्व सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन श्री शांति स्वरूप, चेयरमैन श्री देव कुमार शर्मा, चेयरमैन श्री रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन श्री रामचंद्र कंबोज, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार श्री जगदीश चोपड़ा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

 

क्रमांक-2026

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव कुत्ताबढ़ पहुंचकर सैनिक सुखचैन सिंह को दी श्रद्धांजलि

 

चंडीगढ़, 12 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी अपने सिरसा दौरे के दौरान गांव कुत्ताबढ़ पहुंकर सैनिक सुखचैन सिंह को पुष्प अर्पित कर  भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र की सेवा में उनके  बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग और शौर्य सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीदों का बलिदान राष्ट्र कभी नहीं भूल सकता।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सैनिक सुखचैन सिंह के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

 

क्रमांक-2026

हरियाणा लगातार तीसरे वर्ष रक्तदान में देश में अव्वल; 1 अक्टूबर को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

 

रिकॉर्ड जनभागीदारी, मजबूत बुनियादी ढांचा, डिजिटल एकीकरण और जीवनरक्षक सहायता ने हरियाणा की उल्लेखनीय रक्तदान सफलता को बनाया संभव

 

चंडीगढ़, 12 सितंबर – हरियाणा लगातार तीसरे वर्ष रक्तदान के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बना है। यह उपलब्धि प्रदेश की बड़े पैमाने पर जनभागीदारी के साथ-साथ मजबूत रक्त आधान बुनियादी ढांचे, डिजिटल एकीकरण, बेहतर चिकित्सकीय सुरक्षा और मरीजों को मुफ्त जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है।

 

हरियाणा में 5.89 लाख यूनिट रक्त एकत्र किया गया और 8,189 रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। सभी जिलों में लाइसेंस प्राप्त ब्लड सेंटर की सुविधा उपलब्ध होने के साथ हरियाणा अब रक्तदान के क्षेत्र में देश का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने की ओर अग्रसर है।

 

यह जानकारी हरियाणा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने आज यहां दी।

 

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ई-रक्तकोष पोर्टल पर दर्ज सत्यापित वार्षिक रक्तदान आंकड़ों के आधार पर प्रति दस लाख आबादी पर रक्तदान के मामले में हरियाणा सभी राज्यों में प्रथम स्थान पर रहा है। भारत सरकार द्वारा हरियाणा को 1 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।

 

डॉ. मिश्रा ने कहा कि हरियाणा की यह उपलब्धि निरंतर जनभागीदारी तथा राज्य द्वारा रक्त आधान सेवाओं को मजबूत करने, चिकित्सकीय सुरक्षा में सुधार, डिजिटल एकीकरण को बढ़ावा देने और सुरक्षित जीवनरक्षक रक्त एवं रक्त अवयवों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लगातार प्रयासों को दर्शाती है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा ने लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया है। इससे पहले प्रदेश को वर्ष 2024 और 2025 में भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ था।

 

5.89 लाख यूनिट रक्त एकत्र

 

राज्य की उपलब्धि के स्तर पर प्रकाश डालते हुए डॉ. मिश्रा ने बताया कि हरियाणा ने 2025-26 के दौरान 5.89 लाख यूनिट रक्त एकत्र किया और वित्तीय वर्ष के दौरान 8,189 रक्तदान शिविर आयोजित किए।

 

चरखी दादरी जिला नागरिक अस्पताल में ब्लड सेंटर को लाइसेंस मिलने के साथ अब हरियाणा के 22 जिलों में कम से कम एक कार्यशील लाइसेंस प्राप्त सरकारी ब्लड सेंटर उपलब्ध हो गया है, जिससे जिला स्तर पर पूर्ण कवरेज हासिल हो गया है।

 

हरियाणा का रक्त आधान नेटवर्क भी काफी विस्तारित हुआ है और ब्लड सेंटरों की संख्या 146 से बढ़कर 163 हो गई है। वर्तमान में राज्य में 34 सरकारी और 129 निजी ब्लड सेंटर हैं, जबकि 150 ब्लड सेंटर (92 प्रतिशत) ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा से लैस हैं। इससे मरीजों के लिए विशेष रक्त अवयवों की उपलब्धता मजबूत हुई है।

 

स्वैच्छिक रक्तदान को मिल रही गति

 

डॉ. मिश्रा ने कहा कि हरियाणा ने केंद्रित निगरानी और ब्लड सेंटरों के साथ सीधे संपर्क के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान बढ़ाने में तेजी से प्रगति की है।

 

राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान की दर 79 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त 2026 तक 92 प्रतिशत हो गई है। यह उपलब्धि ब्लड सेंटरों के साथ सीधे ऑनलाइन समीक्षा और संचालन संबंधी समस्याओं के समन्वित समाधान के बाद हासिल हुई है।

 

इस प्रगति से हरियाणा 95 प्रतिशत के राष्ट्रीय मानक के और करीब पहुंच गया है। यह जीवनरक्षक अभियान में बढ़ती जनभागीदारी और यह सुनिश्चित करने के राज्य के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है कि स्वैच्छिक, बिना पारिश्रमिक वाले रक्तदान पर अधिक निर्भरता हो।

 

डिजिटल बदलाव से रक्त सेवाएं मजबूत

 

हरियाणा ने अपनी रक्त आधान सेवाओं को डिजिटल स्वास्थ्य प्रणालियों के साथ एकीकृत करने में भी महत्वपूर्ण प्रगति की है।

 

नए ABHA-आधारित डोनर रजिस्ट्रेशन फीचर की शुरुआत के बाद दो महीने के भीतर 89 ब्लड सेंटर ABHA सिस्टम से एकीकृत हो गए हैं। यह सुविधा राष्ट्रीय ई-रक्तकोष पोर्टल पर शुरू की गई है और इससे पहले यह संख्या शून्य थी।

 

इसी समय 134 ब्लड सेंटर ई-रक्तकोष प्लेटफॉर्म पर लाइव जानकारी सक्रिय रूप से अपडेट कर रहे हैं, जिससे पारदर्शिता मजबूत हो रही है, रियल-टाइम निगरानी में सुधार हो रहा है और रक्त की उपलब्धता तथा सेवाओं के प्रदर्शन की बेहतर जानकारी मिल रही है।

 

बेहतर चिकित्सकीय सुरक्षा, रक्त की कम बर्बादी

 

हरियाणा ने महत्वपूर्ण चिकित्सकीय सुरक्षा संकेतकों पर भी बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है। कुल 1,305 हाई-रिस्क रिएक्टिव डोनर्स में से 1,255 यानी 96.17 प्रतिशत को सफलतापूर्वक ट्रैक किया गया और उपयुक्त स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जोड़ा गया, जो 85 प्रतिशत के मानक से अधिक है।

 

रक्त की बर्बादी भी नियंत्रण में रही है और डिस्कार्ड दर 2.69 प्रतिशत दर्ज की गई, जो 4 प्रतिशत के मानक से कम है।

 

मरीजों के लिए मुफ्त रक्त और जीवनरक्षक सहायता

 

डॉ. मिश्रा ने कहा कि हरियाणा जीवनरक्षक उपचार की जरूरत वाले मरीजों की पहुंच मजबूत करने के लिए रक्त से संबंधित महत्वपूर्ण सेवाएं मुफ्त उपलब्ध कराना जारी रखे हुए है।

 

सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को रक्त और रक्त अवयव मुफ्त उपलब्ध कराए जाते हैं। सरकारी संस्थानों में पात्र BPL और डेंगू मरीजों को फ्री सिंगल डोनर प्लेटलेट्स भी उपलब्ध कराए जाते हैं।

 

राज्य थैलेसीमिया, हीमोफीलिया और सिकल सेल एनीमिया जैसे विकारों से पीड़ित उन मरीजों को भी सहायता प्रदान करता है, जिन्हें बार-बार और आजीवन उपचार की आवश्यकता होती है।

 

वर्तमान में जिला नागरिक अस्पतालों में 1,443 थैलेसीमिया मरीज और 1,018 हीमोफीलिया मरीज पंजीकृत हैं और राज्य की सहायता प्रणाली के तहत उन्हें क्रमशः मुफ्त आयरन केलेशन दवाएं और एंटी-हीमोफीलिया फैक्टर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

 

बड़े पैमाने पर जनभागीदारी ने रक्तदान अभियान को बनाया मजबूत

 

डॉ. मिश्रा ने कहा कि बड़े पैमाने पर जनसक्रियता ने हरियाणा की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 5 मई, 2025 को प्रदेशभर में आयोजित रक्तदान अभियान के दौरान एक ही दिन में 10,183 नागरिकों ने रक्तदान किया।

 

मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हरियाणा ने युवाओं के नेतृत्व में आयोजित 51 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 2,374 यूनिट रक्त एकत्र किया। इस पहल के दौरान हरियाणा की पहली ब्लड बैंक के लिए डिजास्टर मैनेजमेंट प्लान भी शुरू की गई, जिससे आपात स्थितियों के लिए रक्त आधान सेवाओं की तैयारियों को मजबूत किया गया।

 

एनसीआई झज्जर ब्लड सेंटर, जो पहला पेपरलेस ब्लड सेंटर है, को 14 जून, 2026 को गुजरात में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय रक्त आधान परिषद (NBTC), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा हरियाणा का सर्वश्रेष्ठ ब्लड सेंटर घोषित किया गया। यह सम्मान राष्ट्रीय प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों पर बेहतर प्रदर्शन तथा अत्याधुनिक और स्वचालित ब्लड सेंटर तकनीक के उपयोग के लिए दिया गया।

 

अगला चरण: उन्नत जांच और आगे विस्तार

 

आगे की दिशा बताते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि हरियाणा अब रक्त सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए उन्नत तकनीक के माध्यम से रक्त आधान सेवाओं को मजबूत करने के अगले चरण की ओर बढ़ रहा है।

 

पीजीआईएमएस रोहतक के ब्लड सेंटर में ID-NAT मशीन सुविधा स्थापित करने को मंजूरी दी गई है, जिससे रक्त आधान से फैलने वाले संक्रमणों की जांच और मजबूत होगी।

 

डॉ. मिश्रा ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान, आधुनिक ब्लड सेंटर बुनियादी ढांचे, डिजिटल निगरानी, रक्त सुरक्षा और मरीज-केंद्रित सहायता पर हरियाणा का निरंतर ध्यान राज्य की रक्त आधान प्रणाली को और मजबूत करेगा तथा जरूरतमंद लोगों के लिए सुरक्षित रक्त और रक्त अवयवों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।

 

क्रमांक-2026

सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2027 के लिए आवेदन आमंत्रित

 

चंडीगढ़, 12 सितंबर- राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन https://awards.gov.in/ पोर्टल पर 30 सितंबर तक कर सकते हैं।

 

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि व्यक्तियों और संगठनों के अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा भाव को पहचानने और सम्मानित करने के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के नाम से वार्षिक पुरस्कार दिया जाता है। इस पुरस्कार की घोषणा हर साल

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments