Homepunjab  *सड़क की मरम्मत में लापरवाही की तो एजेंसी की बैंक...

  *सड़क की मरम्मत में लापरवाही की तो एजेंसी की बैंक गारंटी होगी कैश : मंत्री रणबीर गंगवा*

 

 

*सड़क की मरम्मत में लापरवाही की तो एजेंसी की बैंक गारंटी होगी कैश : मंत्री रणबीर गंगवा*

 

*डीएलपी अवधि की सड़कों पर विभाग की पैनी नजर, समय पर मरम्मत नहीं हुई तो एजेंसी के खर्चे पर विभाग खुद करवाएगा काम*

 

*एसई एक्सइन सहित आला अफसरों को कम से कम तीन दिन फील्ड में जाकर सड़कों का निरीक्षण करने के भी दिए निर्देश*

 

चंडीगढ़, 16 अक्तूबर। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने डीएलपी अवधि के दौरान सड़कों की मरम्मत में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क खराब होने के बावजूद यदि संबंधित एजेंसी समय पर उसकी मरम्मत नहीं करती है तो विभाग कार्रवाई करने में देरी नहीं करेगा। ऐसी एजेंसी की बैंक गारंटी कैश करवाकर विभाग अपने स्तर पर कर्मचारी, रोलर और अन्य संसाधन लगाकर सड़क की मरम्मत करवाएगा।

 

कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने यह निर्देश हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में पीडब्ल्यू (बी एंड आर) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री एके सिंह, अतिरिक्त सचिव श्री हितेश कुमार मीणा, चीफ इंजीनियर स्तर के अधिकारियों सहित एसीएसपीडब्ल्यू, ईआईसी (बिल्डिंग्स), ईआईसी (रोड्स), सभी संबंधित एसई और एक्सईएन शामिल हुए। बैठक में वर्क प्रोग्राम 2026-27, सड़कों की स्थिति, ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर प्राप्त शिकायतों, हरसैक परियोजना, मॉडल रोड तथा सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने सहित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।

 

श्री गंगवा ने कहा कि प्रदेश में लगभग 19 हजार किलोमीटर सड़कें डीएलपी अवधि में हैं। इन सड़कों के रखरखाव और समय पर मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डीएलपी अवधि वाली सड़कों की नियमित निगरानी की जाए और सड़क में किसी भी प्रकार की खराबी सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मरम्मत के लिए शिकायत का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। अधिकारी स्वयं फील्ड में जाकर सड़क की स्थिति देखें और आवश्यकता होने पर तुरंत कार्रवाई करवाएं।

 

मंत्री ने कहा कि सड़कें आम लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही से सीधे जुड़ी हुई हैं, इसलिए इनके रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने एसई, एक्सईएन और अन्य आला अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिन फील्ड में जाकर सड़कों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान कहीं सड़क टूटी हुई या क्षतिग्रस्त मिलती है तो उसकी मरम्मत की प्रक्रिया तुरंत शुरू करवाई जाए।

 

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर प्राप्त शिकायतों का 10 दिन के भीतर समाधान करने संबंधी निर्देशों की भी सख्ती से पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि ऐप पर शिकायत आने के बाद उसकी कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि मौके पर जाकर समस्या का समाधान किया जाए।

बैठक में हरियाणा के 11 सर्कलों में करीब 2,813.339 किलोमीटर सड़कों से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा हरसैक परियोजना, ‘म्हारी सड़क’ ऐप, वर्क प्रोग्राम 2026-27 तथा मॉडल रोड से संबंधित कार्यों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी कार्य में देरी हो रही है, वहां तेजी लाई जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।

 

*वर्क प्रोग्राम के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश*

 

मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने वर्क प्रोग्राम 2026-27 की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को अभी तक शुरू नहीं किया जा सका है, उन्हें तेजी से शुरू किया जाए। अक्टूबर माह में वर्क प्रोग्राम के तहत सभी कार्यों को गति मिलनी चाहिए और एक नवंबर से सभी संबंधित कार्य जमीन पर दिखाई देने चाहिए। जिन कार्यों में किसी स्तर पर लेटलतीफी चल रही है, वहां संबंधित अधिकारी प्रक्रिया में तेजी लाएं।

 

*धुंध से पहले पूरे हों सड़क सुरक्षा के काम*

 

आगामी मौसम में धुंध अथवा मौसम के बदलाव को देखते हुए मंत्री ने सड़कों पर पट्टियां, पेंटिंग, संकेतक और अन्य जरूरी सड़क सुरक्षा कार्य समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के आसपास स्थित स्कूलों, कॉलेजों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के पास आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।

 

*सरकारी भवनों पर सोलर व्यवस्था पर जोर*

 

बैठक में सरकारी भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। श्री गंगवा ने संबंधित अधिकारियों को सरकार के निर्देशों के अनुरूप सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जाने वाले स्कूल, कॉलेज, अस्पताल अथवा अन्य सरकारी भवन निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हों तथा भवन पर उपयुक्त डिस्प्ले/प्लेट लगाई जाए, जिससे निर्माण कराने वाले विभाग की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो।

 

क्रमांक -2026

 

*झज्जर में सेवा संकल्प अभियान के तहत 5100 विद्यार्थियों ने बनाई भव्य मानव श्रृंखला*

 

*विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मानव श्रृंखला बनाकर दिया विकसित भारत @ 2047 का संदेश*

 

*झज्जर क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, डीसी वर्षा खांगवाल सहित गणमान्य व्यक्तियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह*

 

*विद्यार्थियों ने मानव रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति का दिया संदेश*

 

चंडीगढ़, 16 अक्टूबर – सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को झज्जर के दिल्ली रोड स्थित क्रिकेट स्टेडियम में 5100 विद्यार्थियों ने भव्य मानव श्रृंखला बनाकर विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार करने का सार्थक संदेश दिया। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सामाजिक एकजुटता, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प प्रदर्शित किया। इस दौरान पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, डीसी वर्षा खांगवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सहभागिता की सराहना की।

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में जिले में अभियान के तहत सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में झज्जर क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से मानव श्रृंखला बनाकर सामूहिक एकजुटता और राष्ट्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों की भावना को मजबूत करना रहा।

 

*मानव रंगोली के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*

 

कार्यक्रम में मानव रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के अनुकूल संसाधनों के उपयोग और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। रंगोली में विकसित भारत @ 2047 की परिकल्पना को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया गया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और पारंपरिक कला को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

 

*शिक्षा विभाग ने किया अतिथियों का स्वागत*

 

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रतींद्र सिंह, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक और जिला परियोजना समन्वयक अनिल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न करवाया।

डीईओ ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूती दी जा रही है। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रवक्ता संजय शर्मा ने किया जबकि मानव श्रृंखला बनाने में प्रवक्ता कृष्ण वशिष्ठ, एल ए स्कूल के प्रवक्ता मुकेश शर्मा व आईटीआई से नीरज सहगल ने उल्लेखनीय भूमिका अदा की।

 

इस अवसर पर एल ए सीनियर सेकेंडरी स्कूल झज्जर, संस्कारम पब्लिक स्कूल खातीवास, एच आर ग्रीन फील्ड स्कूल व एस एफ एस स्कूल बिरधाना के विद्यार्थियों की भागीदारी रही।

 

क्रमांक -2026

 

 

*संत नामदेव जी के 756वें प्रकाश उत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी : रणबीर गंगवा*

 

*18 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-21 स्थित संत नामदेव भवन में होगा समारोह, पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रहे समाज के प्रतिनिधि*

 

चंडीगढ़, 16 अक्तूबर। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि संत नामदेव जी महाराज के 756वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में 18 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-21 स्थित संत नामदेव भवन में वार्षिक धार्मिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

 

श्री गंगवा ने कहा कि संत नामदेव जी महाराज की शिक्षाएं समाज को भक्ति, समानता, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को अपनी आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण हैं।

 

हरियाणा नामदेव समाज के अध्यक्ष श्री सतबीर वर्मा ने कहा कि संत नामदेव जी के 756वें प्रकाश उत्सव को लेकर समाज के लोगों में भारी उत्साह है। समारोह में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर समाज के लोगों से संपर्क किया जा रहा है। इन दौरों के दौरान लोगों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग बड़ी संख्या में चंडीगढ़ पहुंचकर संत नामदेव जी को नमन करेंगे और उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेंगे। श्री सतबीर वर्मा ने समाज के लोगों से अपील की कि वे 18 अक्टूबर को चंडीगढ़ पहुंचकर इस समारोह में भाग लें और संत नामदेव जी महाराज के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं।

 

उल्लेखनीय है कि संत नामदेव जी महाराज के 756वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम में टांक क्षत्रिय सभा (रजि.), चंडीगढ़, संत नामदेव समाज हरियाणा तथा ऑल इंडिया क्षत्रिय टांक प्रतिनिधि सभा की सहभागिता रहेगी।

 

क्रमांक -2026

 

 

*लक्ष्य हासिल करने के लिए मैदान में उतरना जरूरी, जीत-हार से निराश न हों खिलाड़ी : राव नरबीर सिंह*

 

*राव महाबीर सिंह मेमोरियल राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन*

 

*विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका अहम, खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण और तकनीक में आगे बढ़ना जरूरी*

 

चंडीगढ़, 16 अक्टूबर— हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मैदान में उतरना जरूरी है, चाहे वह खेल का मैदान हो या संघर्ष का। सफलता की राह पर चलने के लिए प्रयास करना और चुनौतियों का सामना करना पहली शर्त है। जीतने वालों को बधाई मिलती है, लेकिन किसी कारणवश लक्ष्य हासिल न कर पाने वालों को भी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि हर प्रयास आगे बढ़ने का नया अवसर देता है।

 

 

कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को गुरुग्राम में स्मॉल साइड हरियाणा फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित राव महाबीर सिंह मेमोरियल स्मॉल साइड इनविटेशनल नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में बतौर मुख्यातिथि खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। यह प्रतियोगिता प्राइम स्कॉलर्स इंटरनेशनल स्कूल में 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

 

 

उन्होंने कहा कि हरियाणा की आबादी देश की कुल आबादी का लगभग दो प्रतिशत है, लेकिन खेलों की बात करें तो प्रदेश के खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियाई खेलों, पैरालंपिक और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण के कारण हरियाणा ने खेलों के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

 

उद्योग मंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में भारत को किस दिशा और दशा में आगे ले जाना है, यह आज की युवा पीढ़ी तय करेगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक, यानी देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक, भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक विकास या अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ना नहीं है, बल्कि खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक व्यवहार, विज्ञान और तकनीक सहित हर क्षेत्र में प्रगति करना है।

 

उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवा पीढ़ी को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करना होगा। हमारे पूर्वजों ने भारत के विश्वगुरु होने की गौरवशाली परंपरा के बारे में बताया है। देश को फिर से इस स्थान तक पहुंचाने के लिए शिक्षा, नवाचार, तकनीकी विकास और प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों के साथ-साथ शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी क्षेत्र में भी आगे बढ़ें तथा देश की प्रगति में अपना योगदान दें।

 

क्रमांक— 2026

*जालंधर की विशाल तीर्थयात्रा में शामिल होंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

 

*18 अक्टूबर को जालंधर से श्री रामतीर्थ, अमृतसर के लिए रवाना होगा श्रद्धालुओं का विशाल काफिला*

 

चंडीगढ़, 16 अक्तूबर — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 18 अक्टूबर, 2026 को भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में जालंधर से श्री रामतीर्थ, अमृतसर के लिए आयोजित विशाल तीर्थयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं की बसों के काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री केवल सिंह ढिल्लों करेंगे।

 

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 18 अक्टूबर को दोपहर एक बजे शांति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम पहुंचकर माथा टेकेंगे। इसके पश्चात वे पैदल मार्च में शामिल होंगे, संगत को संबोधित करेंगे और तीर्थयात्रा के काफिले को रवाना करेंगे।

 

यात्रा में पंजाब के विभिन्न हिस्सों से लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यह तीर्थयात्रा भगवान वाल्मीकि के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ उनकी शिक्षाओं, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर बनेगी। श्री रामतीर्थ पहुंचकर श्रद्धालु भगवान वाल्मीकि के पावन स्थल पर नमन करेंगे।

 

*सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का अवसर*

 

यह आयोजन पंजाब और हरियाणा के बीच सामाजिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव को आगे बढ़ाने का अवसर बनेगा। यात्रा का मुख्य उद्देश्य भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं का प्रसार करते हुए समाज में भाईचारे, समानता और समरसता की भावना को मजबूत करना है।

क्रमांक-2026

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments