Homeपंजाबपंजाब में 45,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण, हरभजन सिंह ईटीओ ने की...

पंजाब में 45,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण, हरभजन सिंह ईटीओ ने की समीक्षा

पंजाब में 45,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और नवीनीकरण, हरभजन सिंह ईटीओ ने अधिकारियों को दिए काम में तेजी लाने के निर्देश

चंडीगढ़, 1 नवंबर। पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने प्रदेशभर में चल रहे सड़क विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस संबंध में पंजाब भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री ने की। बैठक के दौरान राज्य राजमार्गों और लिंक सड़कों से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं की हलका एवं मंडलवार समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करना और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है।

कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से प्रदेश में चल रहे सड़क निर्माण और नवीनीकरण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से एसएएससीआई (SASCI), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) और नाबार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के तहत चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की।

हरभजन सिंह ईटीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सड़क विकास परियोजनाओं को निर्धारित लक्ष्यों और समयसीमा के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय में परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सर्दियों में धुंध के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष सड़कों पर लेन मार्किंग का काम जल्द पूरा किया जाए। इसके साथ ही आवश्यक सड़क सुरक्षा उपकरण और अन्य संकेतक लगाने का कार्य भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि धुंध के दौरान वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश में लगभग 45,000 किलोमीटर सड़कों के निर्माण और नवीनीकरण के कार्य करवा रही है। इन परियोजनाओं से राज्य के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

बैठक में संयुक्त सचिव अमरबीर सिद्धू, पीसीएस, इंजीनियर-इन-चीफ गगनदीप सिंह, मुख्य इंजीनियर अर्शदीप सिंह, निगरान इंजीनियर और कार्यकारी इंजीनियर सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

News Written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments