पंजाब की 37.43 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹1,291 करोड़, CM भगवंत मान बोले- 1 करोड़ महिलाओं को योजना से जोड़ना लक्ष्य
अब तक 80.05 लाख महिलाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन, 1 जनवरी को तीन महीने की सम्मान राशि एक साथ मिलेगी
अबोहर, 1 नवंबर। पंजाब की महिलाओं के मोबाइल फोन पर सम्मान राशि आने के संदेश के साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत एक और बड़ी सौगात दी है। अबोहर में आयोजित विशाल समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 37.43 लाख से अधिक माताओं और बहनों के बैंक खातों में 1,291 करोड़ रुपये की सम्मान राशि सीधे ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लक्ष्य पंजाब की एक करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है और अब तक 80.05 लाख महिलाएं इसके लिए रजिस्ट्रेशन करवा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस योजना को सामाजिक क्रांति बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हाथों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचने से वे अपने फैसले स्वयं लेने में सक्षम होंगी। सरकार बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत पहले ही 76.35 लाख महिलाओं को 2,643.71 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। अब 1,291 करोड़ रुपये की नई किस्त के साथ कुल वितरित राशि 3,934.80 करोड़ रुपये हो गई है।
उन्होंने घोषणा की कि अगली किस्त 1 दिसंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद 1 जनवरी को सभी पंजीकृत पात्र महिलाओं के खातों में तीन महीने की सम्मान राशि एक साथ ट्रांसफर की जाएगी। इसे उन्होंने महिलाओं के लिए नए साल का तोहफा बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, योजना के तहत सालाना लगभग 12,000 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के पंजीकरण कार्य में 1,37,723 सत्कार सखियां योगदान दे रही हैं। इनके लिए 51.30 करोड़ रुपये प्रोत्साहन राशि और पंजीकरण में जुटी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 25 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है।
जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च हो रहा है
भगवंत मान ने कहा कि सरकार जनता से मिलने वाले टैक्स को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, नहरों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों तक वापस पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 54 लाख स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं और 90 प्रतिशत परिवारों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है। सरकार ने बिना रिश्वत और सिफारिश के 70,685 सरकारी नौकरियां भी दी हैं।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों के 80 विद्यार्थियों के मुकाबले 2026 में 882 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा पास की है। उन्होंने बताया कि राज्य में 3,100 खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं और 45,000 किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण किया जा रहा है।
नहरों के विस्तार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार 1,587 ऐसे गांवों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचा है, जहां पहले कभी नहरी पानी नहीं पहुंचा था। राज्य में नहरी सिंचाई का दायरा 26 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत हो गया है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा के पास पंजाब के विकास के लिए कोई ठोस एजेंडा नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता 2027 में आम आदमी पार्टी को दोबारा सेवा का अवसर देगी।
News Written by Priyanka Thakur


