चंडीगढ़ के विवेक ठाकुर बने भारतीय जूनियर जूडो टीम के कोच, ताशकंद वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों को देंगे प्रशिक्षण
एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली विवेक ठाकुर की दो प्रशिक्षु एंजेल यादव और इशरूप नारंग का भी भारतीय टीम में चयन
चंडीगढ़, 1 नवंबर। चंडीगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व और खुशी की खबर है। शहर के अनुभवी जूडो कोच विवेक ठाकुर को जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की ओर से भारतीय जूनियर जूडो टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वह उज्बेकिस्तान के ताशकंद में होने वाली जूनियर वर्ल्ड जूडो चैंपियनशिप के लिए भारतीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।
भारतीय टीम का प्रशिक्षण शिविर 1 से 18 नवंबर 2026 तक भोपाल में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 14 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसके बाद 18 से 22 नवंबर तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में जूनियर वर्ल्ड जूडो चैंपियनशिप आयोजित होगी। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की ओर से सात खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इस चयन की खास बात यह है कि विवेक ठाकुर की दो प्रशिक्षुओं एंजेल यादव और इशरूप नारंग को भी भारतीय टीम में जगह मिली है। दोनों खिलाड़ी एमसीएम डीएवी कॉलेज, सेक्टर-36, चंडीगढ़ की छात्राएं हैं। एंजेल यादव का चयन 48 किलोग्राम भार वर्ग में, जबकि इशरूप नारंग का चयन 78 किलोग्राम भार वर्ग में हुआ है। दोनों खिलाड़ी इससे पहले एशियन जूडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं।
भारतीय टीम में चयनित सात खिलाड़ियों में पांच महिला जूडो खिलाड़ी शामिल हैं। यह उपलब्धि चंडीगढ़ में जूडो खेल के विकास और महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी को भी दर्शाती है।
विवेक ठाकुर वर्ष 2019 से चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जूडो कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी सफलता हासिल कर चुके हैं।
इस उपलब्धि पर चंडीगढ़ की एमेच्योर जूडो एसोसिएशन के महासचिव एन.एस. ठाकुर ने विवेक ठाकुर और चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विवेक ठाकुर के मार्गदर्शन में हर साल कई खिलाड़ी भारतीय टीम में चयनित होकर चंडीगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी ताशकंद में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतेंगे।
वहीं, विवेक ठाकुर ने एन.एस. ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने खेल निदेशक सोरभ कुमार अरोड़ा (PCS) और संयुक्त खेल निदेशक डॉ. महिंदर का भी निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए धन्यवाद किया।
विवेक ठाकुर ने विश्वास जताया कि भारतीय जूनियर जूडो टीम ताशकंद में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी और पदक जीतकर देश तथा चंडीगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगी।
News Written by Priyanka Thakur


