एसआईआर को लेकर विपक्ष कर रहा है भ्रामक प्रचार – नायब सिंह सैनी*
*मुख्यमंत्री ने ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को किया संबोधित*
चंडीगढ़, 5 नवंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को करनाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।
पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल, हरियाणा प्रदेश की प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, श्री महिपाल ढांडा, डॉ अरविंद शर्मा, श्री कृष्ण बेदी, राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम, डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्ढा, गवर्नमेंट चीफ व्हिप एवं विधायक राम कुमार कश्यप, विधायक जगमोहन आनंद, विधायक भगवानदास कबीरपंथी, विधायक योगेंद्र राणा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह का हरियाणा की पावन धरती पर पहुंचने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दानवीर कर्ण की नगरी करनाल त्याग, सेवा और दान की परंपरा के लिए जानी जाती है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मत सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है, जो देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माण में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और वह बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम, दोहरी प्रविष्टियों और त्रुटिपूर्ण रिकॉर्ड की नियमानुसार जांच कर उचित प्रक्रिया के तहत सुधार किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नियमानुसार दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार हम दीपावली से पहले अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी प्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता भी जरूरी है। यह प्रक्रिया किसी व्यक्ति या वर्ग के विरुद्ध नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने का कार्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे लोकतंत्र के प्रति जागरूक रहें, तथ्यों को समझें, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करें और अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत, ईमानदारी, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति से है तथा इन सामाजिक और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने पदयात्रा में शामिल माताओं-बहनों, युवाओं, किसानों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रखना, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि हर गांव और वार्ड में जाकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए प्रेरित करें। किसी का नाम छूट गया हो तो निर्धारित प्रक्रिया में उसकी सहायता करें। बुजुर्गों, महिलाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का हाथ थामें। उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में एसआईआर के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे।
मुख्यमंत्री ने संबोधन का समापन ‘जय जवान, जय किसान, जय हरियाणा, जय हिंद और भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ किया।
क्रमांक – 2026
हरियाणा में पांच एचसीएस अधिकारियों के तबादले
चंडीगढ़, 5 नवंबर-हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से पांच एचसीएस अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं।
वर्तमान में नियुक्ति आदेशों की प्रतीक्षा कर रहे श्री धीरज चहल को हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद का संयुक्त राज्य परियोजना निदेशक नियुक्त किया गया है।
श्री संजय बिश्नोई, जो जिला परिवहन अधिकारी-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण, फतेहाबाद, सिरसा और हिसार के पद पर कार्यरत थे, को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में उप-सचिव नियुक्त किया गया है।
फतेहाबाद के सिटी मजिस्ट्रेट श्री गौरव गुप्ता को जिला परिवहन अधिकारी-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण, फतेहाबाद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
हिसार के सिटी मजिस्ट्रेट श्री रोहित कुमार को जिला परिवहन अधिकारी-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण, हिसार का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
सिरसा के सिटी मजिस्ट्रेट श्री अजय सिंह को जिला परिवहन अधिकारी-सह-सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण, सिरसा का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
क्रमांक – 2026
*महिला समर्थ संस्थान पुरस्कार योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 नवंबर की गई*
*महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध करवाने वाले संस्थानों को किया जाएगा प्रोत्साहित*
चण्डीगढ़, 5 नवम्बर – हरियाणा सरकार द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सकारात्मक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महिला समर्थ संस्थान पुरस्कार योजना शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य ऐसे संस्थानों को पहचान एवं प्रोत्साहन प्रदान करना है, जो महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और कार्यस्थल पर समान अवसरों को प्राथमिकता देते हैं।
विभाग के एक प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस पुरस्कार की पांच विभिन्न श्रेणियों के लिए पात्र संस्थानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। सरकार द्वारा आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 नवंबर, 2026 कर दी गई है। उन्होंने पात्र संस्थानों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन पोर्टल पर अवश्य जमा करवाएं। इस योजना से संबंधित पात्रता, पुरस्कार की श्रेणियों एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट वेबसाइट https://onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav/ पर विजिट किया जा सकता है।


