Homeस्पोर्ट्सIND vs NZ: 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत...

IND vs NZ: 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की खराब शुरुआत, 39 रन पर गंवाए 3 विकेट

नई दिल्ली, 7 नवंबर: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों की शुरुआत निराशाजनक रही। न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 41 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और भारत को जीत के लिए 135 रन का लक्ष्य मिला। हालांकि, लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआती नौ ओवर में ही अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए।

भारत को पहला झटका दूसरे ओवर में लगा, जब शुभमन गिल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। जैकब डफी ने उन्हें हेनरी निकोल्स के हाथों कैच कराया। इसके बाद विराट कोहली भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। चौथे ओवर में डफी ने उन्हें विल यंग के हाथों कैच कराकर भारत को दूसरा झटका दिया। कोहली सात गेंदों में सात रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन नौवें ओवर में काइल जेमीसन ने रोहित शर्मा को निकोल्स के हाथों कैच करा दिया। रोहित ने 28 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 23 रन बनाए। भारत ने 39 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवा दिया। इसके बाद अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर पर टीम को संभालने की जिम्मेदारी आ गई।

भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को 134 रन पर समेटा

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा 55 रन बनाए, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने 31 रन की पारी खेली। हेनरी निकोल्स 11 रन ही बना सके। बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए।

भारत की ओर से गुरनूर बराड़ सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में दो मेडन के साथ 30 रन देकर चार विकेट झटके। आकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए।

ब्लेयर टिकनर की जगह मैट फिशर टीम में शामिल

मुकाबले के दौरान न्यूजीलैंड को एक और झटका लगा। ब्लेयर टिकनर के हेलमेट पर गेंद लगने और दाएं कान के पीछे चोट आने के कारण उन्हें मैदान से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह मैट फिशर को कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में टीम में शामिल किया गया।

अब भारतीय टीम की नजरें 135 रन के लक्ष्य को हासिल कर मुकाबला जीतने पर टिकी हैं।

News written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments