Homeराष्ट्रीयगुरुसर सुधार में दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, पटाखे के धमाके...

गुरुसर सुधार में दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, पटाखे के धमाके से 14 वर्षीय किशोर की मौत

गुरुसर सुधार में दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, पटाखे के धमाके से 14 वर्षीय किशोर की मौत

गुरुसर सुधार (नई आबादी अकालगढ़): दीपावली का त्योहार मित्तल परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख लेकर आया। गुरुसर सुधार नई आबादी अकालगढ़ के प्रतिष्ठित कारोबारी और आरती स्टोर के मालिक सुरेश कुमार मित्तल के परिवार में दीपावली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पटाखे से हुए दर्दनाक हादसे में उनके साढ़े 14 वर्षीय पोते साकित मित्तल उर्फ गगन की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार मित्तल अपने परिवार के साथ दीपावली की पूजा-अर्चना करने के लिए अपने बड़े भाई राज कुमार मित्तल के नए विशाल आवास पर पहुंचे थे। दोनों परिवारों ने एक साथ दीपावली मनाने की तैयारी की थी। घर में विधि-विधान से पूजा की गई, दीप जलाए गए और परिवार के सदस्य त्योहार की खुशियां मना रहे थे।

इसी दौरान आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरने वाले बड़े पटाखे चलाए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि साकित ने एक बड़े पटाखे को जलाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं चला। इसके बाद उसने दूसरा पटाखा जलाने की कोशिश की। इसी बीच पहले से नहीं चला पटाखा अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। उस समय साकित पटाखे के पास झुका हुआ था और धमाके की चपेट में आ गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि उसकी गर्दन पर गंभीर चोट आई।

हादसे के तुरंत बाद परिजन साकित को उपचार के लिए स्थानीय निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सक डॉ. सरबजीत सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और दीपावली का उत्सव देखते ही देखते मातम में बदल गया।

तीन पीढ़ियों की उम्मीदों का इकलौता चिराग था साकित

इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि साकित अपने पिता प्रदीप मित्तल का इकलौता बेटा था। वह परिवार की तीन पीढ़ियों की उम्मीदों और खुशियों का केंद्र था। दादा-दादी का लाडला साकित अपने परिवार की आंखों का तारा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

शोक जताने पहुंच रहे लोग

सुरेश कुमार मित्तल एक प्रतिष्ठित कारोबारी होने के साथ-साथ समाजसेवी के रूप में भी क्षेत्र में पहचान रखते हैं। हादसे की खबर फैलते ही रिश्तेदारों, परिचितों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों का उनके घर पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला शुरू हो गया। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments