फतेहगढ़ साहिब शहीदी सभा को लेकर CM भगवंत मान ने दिए सख्त निर्देश, श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी 200 शटल बसें
चंडीगढ़, 13 नवंबर 2026।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आगामी शहीदी सभा को लेकर फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने पुलिस और सिविल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सरकार इस पवित्र आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि शहीदी सभा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी तथा माता गुजरी जी की महान शहादत को नमन करने का पवित्र अवसर है। उन्होंने बताया कि पिछली शहीदी सभा के दौरान करीब 80 लाख श्रद्धालु श्री फतेहगढ़ साहिब पहुंचे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को आपसी तालमेल से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं के लिए 200 शटल बसों का इंतजाम
सीएम मान ने बताया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 200 शटल बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा ई-रिक्शा की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि बुजुर्गों और पैदल चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके। फतेहगढ़ साहिब पहुंचने वाले सभी प्रमुख रास्तों की मरम्मत युद्धस्तर पर करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं। एक्सप्रेसवे और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की विशेष व्यवस्था होगी।
20 आम आदमी क्लीनिक और नाइट शेल्टर
श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 20 आम आदमी क्लीनिक संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रशासन की ओर से नाइट शेल्टर बनाए जाएंगे और गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटियों के सहयोग से ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। शहर में सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए 50 अतिरिक्त स्वयंसेवक तैनात होंगे। मोबाइल नेटवर्क की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए अतिरिक्त मोबाइल टावर भी लगाए जाएंगे।
AI कैमरों और ड्रोन से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। AI आधारित कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भीड़ पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीमें, वॉच टावर और छह पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पुलिस और सिविल प्रशासन का संयुक्त कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस पवित्र धरती पर छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी की शहादत पूरी मानवता के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी की जाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि देश-विदेश से आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।


