पंजाब में जल्द खुलेंगे 333 नए पिंड क्लीनिक, सभी जिला अस्पतालों में नवंबर तक MRI और CT स्कैन की सुविधा: डॉ. बलबीर सिंह
चंडीगढ़: पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बुधवार को राज्य में जल्द ही 333 नए पिंड क्लीनिक खोलने का ऐलान किया। इसके साथ ही प्रदेश में पिंड क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 591 हो जाएगी। फिलहाल राज्य में 258 पिंड क्लीनिक संचालित हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा शहरी इलाकों में भी आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में पंजाब में 1,244 आम आदमी क्लीनिक सफलतापूर्वक काम कर रहे हैं।
दवाइयों की कमी पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश
चंडीगढ़ में सिविल सर्जनों के राज्यस्तरीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने जिला स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रदर्शन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जरूरी दवाइयों और मेडिकल स्टाफ की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आम आदमी क्लीनिक में डॉक्टर और स्टाफ की अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों को मरीजों तथा उनके परिजनों के साथ संवेदनशीलता और सम्मान से पेश आने की हिदायत दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा बनाए रखने के लिए बेहतर इलाज के साथ मानवीय व्यवहार भी जरूरी है।
नवंबर तक सभी जिला अस्पतालों में MRI और CT स्कैन
डॉ. बलबीर सिंह ने ऐलान किया कि नवंबर के अंत तक पंजाब के सभी जिला सिविल अस्पतालों में MRI और CT स्कैन मशीनें स्थापित की जाएंगी। उन्होंने अस्पतालों में सुधार के लिए रोगी कल्याण समितियों की मासिक और तिमाही बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिकों में 107 प्रकार की मुफ्त दवाइयां और 47 तरह के डायग्नोस्टिक टेस्ट उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
नशे से होने वाली मौतों की होगी जांच
नशे के खिलाफ अभियान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नशे की लत से जूझ रहे लोगों को इससे बाहर निकालने और ओवरडोज से होने वाली मौतों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। साथ ही राज्य में नशे से संबंधित सभी संदिग्ध मौतों का सख्त ऑडिट करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 10 लाख रुपये के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कार्ड पात्र लाभार्थियों तक जल्द पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।
सम्मेलन के दौरान मंत्री ने नवजात शिशु देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नेशनल न्यूबॉर्न वीक की शुरुआत की और स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार जागरूकता वीडियो जारी किया। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित करने की भी घोषणा की। इसके अलावा मेडिको-लीगल प्रक्रियाओं को व्यवस्थित करने के लिए मेडिको-लीगल मैनुअल जारी किया गया।
news written by Priyanka Thakur


