HomeदेशPM Modi ने कहा- ITI विद्यार्थियों को भी मिले IIT जितना सम्मान

PM Modi ने कहा- ITI विद्यार्थियों को भी मिले IIT जितना सम्मान

पीएम मोदी बोले- आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिले आईआईटी जितना सम्मान, कौशल ही विकसित भारत की असली ताकत

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आईटीआई में पढ़ने वाले विद्यार्थियों द्वारा सीखा गया कौशल विकसित भारत की सबसे बड़ी ऊर्जा है। देश के विकास में हुनरमंद युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और आईटीआई के विद्यार्थियों को भी आईआईटी के विद्यार्थियों के समान सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में आईटीआई को लेकर बनी धारणा और मानसिकता को बदलने की जरूरत है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आईटीआई के विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा। सुबह वह पश्चिम बंगाल पहुंचे थे, जहां उन्होंने आईआईटी खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इसके बाद वह आईटीआई के विद्यार्थियों के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आईआईटी के विद्यार्थियों के बीच जितने उत्साह के साथ गए थे, उतने ही उत्साह के साथ आईटीआई के विद्यार्थियों से मिलने आए हैं।

पीएम मोदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आईटीआई में पढ़ाई के दौरान हासिल किया गया कौशल विकसित भारत के निर्माण में अहम योगदान देगा। दुनिया के सैकड़ों काम ऐसे हैं, जो हुनरमंद लोगों की मेहनत और तकनीकी दक्षता के बिना पूरे नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण देश की आर्थिक प्रगति के लिए बेहद जरूरी हैं।

अंग्रेजों ने कमजोर की देश की कौशल आधारित व्यवस्था

प्रधानमंत्री ने भारत की पारंपरिक कौशल व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि देश में प्राचीन समय से ही हुनर और कौशल पर आधारित एक मजबूत व्यवस्था मौजूद थी। गुजरात में अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि ऐसे कई हुनरमंद लोग रहे हैं, जिनके कौशल के बिना गांवों में रोजमर्रा के जीवन की कल्पना करना भी मुश्किल था।

उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजों ने भारत की इस कौशल आधारित व्यवस्था को कमजोर और समाप्त करने का काम किया। मैकाले की शिक्षा व्यवस्था ने देश की पारंपरिक शिक्षा और कौशल को नुकसान पहुंचाया तथा इसका उद्देश्य मुख्य रूप से क्लर्क तैयार करना रह गया था।

आईटीआई में दाखिले पर शर्म महसूस न करें विद्यार्थी

पीएम मोदी ने कहा कि आज भी जब कोई बच्चा आईटीआई में दाखिला लेता है, तो कई बार उसके माता-पिता इस बात को छिपाते हैं। समाज में इस मानसिकता को बदलना जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आईटीआई के विद्यार्थियों को भी वही सम्मान और प्रतिष्ठा मिलनी चाहिए, जो आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलती है। देश को आगे बढ़ाने में हर हुनर और हर कौशल की अपनी अहमियत है।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments