सक्षम पंचायत और जवाबदेह नगरपालिका ही विकसित हरियाणा की मजबूत नींव: मुख्यमंत्री*
*स्थानीय निकायों को अधिकार, क्षमता और वित्तीय संसाधनों से सशक्त बनाना सरकार का लक्ष्य*
*पंचायतें अपनी साझा भूमि, तालाबों और सामुदायिक संपत्तियों को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें*
*स्थानीय निकायों द्वारा जुटाए गए अतिरिक्त संसाधनों के बराबर राशि देगी सरकार, मिलेगा मैचिंग ग्रांट*
*जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति और अग्निशमन सेवाएं चरणबद्ध तरीके से स्थानीय निकायों को सौंपी जाएंगी*
चंडीगढ़, 24 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सक्षम पंचायतें और जवाबदेह नगरपालिकाएं ही विकसित हरियाणा की मजबूत नींव हैं। सरकार का लक्ष्य स्थानीय निकायों को केवल प्रशासनिक इकाई तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अधिकारों, क्षमताओं और अपने वित्तीय संसाधनों से युक्त प्रभावी स्थानीय सरकार के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम में पंचायतों और नगरपालिकाओं को सशक्त बनाने के विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं ने अपने अनुभव, नवाचार और सफल प्रयोग साझा किए हैं। दो दिनों के गहन विचार-विमर्श से स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाने का व्यावहारिक रोडमैप तैयार हुआ है। यह सम्मेलन स्थानीय स्वशासन की नींव मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत सचिवालयों की फाइलों में नहीं, बल्कि गांव की गलियों और शहरों के मोहल्लों में बसती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज का सपना देखा था और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का विराट लक्ष्य देश के सामने रखा है। इन दोनों लक्ष्यों की प्राप्ति का रास्ता गांव की चौपाल और शहर के वार्ड से होकर गुजरता है। विकसित भारत की भव्य इमारत की नींव पंचायतों और वार्डों में ही रखी जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 साल में कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है जो विश्व स्तर पर एक रिकॉर्ड है।
*स्थानीय निकायों की वित्तीय आत्मनिर्भरता जरूरी:*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में तीन महत्वपूर्ण विषयों- राजस्व जुटाना एवं वित्तीय आत्मनिर्भरता, स्वायत्तता एवं जवाबदेही तथा प्रभावी सेवा वितरण एवं समावेशी भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई है। इसके अनुरूप कोई भी सरकार तभी स्वतंत्र और प्रभावी निर्णय ले सकती है, जब उसका वित्तीय आधार मजबूत हो।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने पंचायतों को सीधे वित्तीय संसाधन हस्तांतरित करने की पारदर्शी व्यवस्था बनाई है। इसके अलावा स्टाम्प शुल्क और बिजली उपभोग के अंश से पंचायतों की नियमित आय सुनिश्चित की गई है। शहरी स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पूंजीमूल्य आधारित संपत्तिकर प्रणाली लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपनी साझा भूमि, तालाबों और सामुदायिक संपत्तियों को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें। वहीं, नगरपालिकाएं सरल और प्रभावी कर संग्रहण व्यवस्था अपनाकर अपनी वित्तीय क्षमता बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि अनुदान से काम चलता है, लेकिन अपनी आय से भविष्य बनता है।
*स्थानीय निकायों के लिए 2 प्रतिशत अतिरिक्त ‘मैचिंग ग्रांट’ की घोषणा:*
मुख्यमंत्री ने स्थानीय निकायों को वित्तीय रूप से और अधिक सशक्त बनाने के लिए राज्य के स्वयं के कर राजस्व (एसओटीआर) का 2 प्रतिशत अतिरिक्त कोष ‘मैचिंग ग्रांट’ के रूप में देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहरों के स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाएं अपने परियोजना प्रस्तावों के आधार पर प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से इस अतिरिक्त धनराशि का लाभ प्राप्त कर सकेंगी। वर्तमान में राज्य सरकार अपने स्वयं के कर राजस्व का 7 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय निकायों को आवंटित कर रही है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने राजस्व स्रोत विकसित करना आवश्यक है। इस दिशा में उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने ‘मैचिंग ग्रांट’ देने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत जो भी स्थानीय निकाय अपने स्तर पर अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाएगा, राज्य सरकार उतनी ही राशि मैचिंग ग्रांट के रूप में उपलब्ध करवाएगी। इससे स्थानीय निकायों द्वारा जुटाए गए प्रत्येक अतिरिक्त रुपये के साथ सरकार का सहयोग भी जुड़ेगा और क्षेत्र के विकास के लिए उपलब्ध संसाधन दोगुने हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जो स्थानीय निकाय नेतृत्व अपने क्षेत्र में सर्वाधिक स्वयं का राजस्व अर्जित करने में सफल रहेगा, उसे राज्य स्तर पर विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार स्थानीय निकायों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, पारदर्शी शासन और बेहतर वित्तीय प्रबंधन को प्रोत्साहित करेगा।
*स्थानीय निकायों को मिलेंगी जनसेवाओं की जिम्मेदारियां:*
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को वास्तविक अधिकार और शक्तियां प्रदान करने की दिशा में सरकार एक बड़ा नीतिगत कदम उठाने जा रही है। इसके तहत आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति तथा अग्निशमन सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण दायित्व स्थानीय निकायों को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय निकायों की निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी और वे अपने क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार जनसेवाओं का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे।
*स्वायत्तता के साथ जवाबदेही भी जरूरी:*
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को अधिक वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार देने के साथ उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित करना आवश्यक है। स्वायत्तता और जवाबदेही एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। इसके लिए पारदर्शिता, संपत्तियों की सटीक मैपिंग, समयबद्ध ऑडिट और मजबूत लेखांकन व्यवस्था अनिवार्य है। इस दिशा में तकनीक और डिजिटलीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ई-ग्राम स्वराज, डिजिटल संपत्ति अभिलेख और ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणालियों का उद्देश्य कागजी कार्यवाही कम करना और शासन को आम नागरिक के हाथों तक पहुंचाना है। जब पंचायतों और नगरपालिकाओं का प्रत्येक पैसा ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों पर खर्च होगा, तभी वास्तविक सुशासन स्थापित होगा।
*विकास का पैमाना आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव*:
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के आंकड़े तभी सार्थक हैं, जब उनसे आम आदमी के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए। स्वच्छ पेयजल, ठोस कचरा प्रबंधन, सुगम सड़कें, आधुनिक पुस्तकालय और स्वच्छ वातावरण प्रत्येक नागरिक की बुनियादी आवश्यकता और अधिकार हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हरियाणा में कचरे से ऊर्जा बनाने के चार बड़े क्लस्टर प्रोजेक्ट और 350 ई-अटल पुस्तकालयों जैसी पहलों की सम्मेलन में सराहना हुई है। इन प्रयासों से जहां कचरे का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में होगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल ज्ञान के नए द्वार खुलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में पिछड़ा वर्ग-बी को आरक्षण के माध्यम से प्रतिनिधित्व दिया है। इसके अलावा ग्राम जल एवं सीवरेज समितियों में महिलाओं की कम से कम 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इससे स्थानीय शासन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता बढ़ी है।
*हरियाणा-विशिष्ट सुधार रोडमैप बनेगा कार्ययोजना की धुरी:*
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सम्मेलन की सफलता का आकलन इस बात से होता है कि उसके बाद धरातल पर क्या बदलाव आया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि सम्मेलन में मिले सौ अच्छे विचारों में से कम से कम एक विचार को अपनी स्थानीय जरूरतों के अनुसार अपनाकर उसे धरातल पर लागू करें। उन्होंने बताया कि दोनों संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रोफेसर वी.एन. आलोक के नेतृत्व में प्रस्तुत हरियाणा-विशिष्ट सुधार रोडमैप केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आगामी वर्षों का कार्य-संकल्प है। यह रोडमैप अलमारी की शोभा बनने के बजाय सरकार की कार्ययोजना की धुरी बनेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन से प्राप्त ठोस अनुशंसाओं और जनप्रतिनिधियों के फीडबैक को गंभीरता से संकलित कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। इनका हरियाणा विजन-2047 और प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सुझाव पर कार्रवाई होनी चाहिए और हर फीडबैक का हिसाब रखा जाना चाहिए।
*जनप्रतिनिधि अपने कार्यों से जनता के विश्वास पर खरे उतरें*:
मुख्यमंत्री ने सरपंचों, पंचों, पार्षदों, महापौरों और निकाय अध्यक्षों से कहा कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था के वास्तविक ध्वजवाहक हैं। जनता ने उन्हें चुनकर जिम्मेदारी सौंपी है और अब उन्हें अपने कार्यों से यह साबित करना है कि जनता का निर्णय सही था।
उन्होंने कहा कि सरकार संसाधन और नीतियां उपलब्ध करा सकती है, लेकिन प्राथमिकताएं तय करना, सही स्थान पर सही कार्य करवाना और उसे समय पर पूरा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। इसी प्रकार सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ग्राम सभाओं और वार्ड समितियों को सक्रिय बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जब ग्राम सभा जीवंत होती है, तो योजना सरकार की नहीं, बल्कि जनता की बन जाती है। पंचायतों व नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। ऐसा करने वालों को जनता लंबे समय तक याद रखती है।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान, गुरुग्राम विश्वविद्यालय, संबंधित विभागों, विषय विशेषज्ञों और शोधार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया, जिनके मार्गदर्शन और अनुभव ने सम्मेलन को राष्ट्रीय स्तर की गरिमा प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प ऐसा सशक्त हरियाणा बनाने का है, जहां गांवों में शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं हों और शहरों में गांवों जैसी आत्मीयता हो। जब हरियाणा की प्रत्येक पंचायत और नगरपालिका आत्मनिर्भर एवं संवेदनशील बनेगी, तभी प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनेगा और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य साकार होगा।
इस अवसर पर पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा, सोहना विधायक श्री तेजपाल तंवर, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजयेंद्र कुमार, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त श्री अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के ओएसडी व स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू, भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के प्रोफेसर वीएन आलोक तथा गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति श्री संजय कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
क्रमांक-2026
*भाजपा-शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन पंजाब को नई दिशा देने और मजबूत बनाने का काम करेगा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*
*मुख्यमंत्री ने कहा, यह राजनीतिक नहीं, बल्कि दिलों का प्राकृतिक गठबंधन है, पंजाब के हितों और लोगों के सम्मान के लिए मिलकर करेंगे काम*
*मुख्यमंत्री ने पंजाब से गैंगस्टरवाद और नशे को समाप्त करने, किसानों, महिलाओं और गरीबों के उत्थान को बताया प्राथमिकता*
चंडीगढ़, 24 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को पंजाब के हित में लिया गया महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह गठबंधन प्रदेश को मजबूती देने, नई दिशा प्रदान करने और लोगों के सम्मान की रक्षा करने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि दिलों का गठबंधन और प्राकृतिक साझेदारी है। इसका उद्देश्य पंजाब को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना और प्रदेश के लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करना है। मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की सभी हरियाणा एवं देशवासियों, विशेषकर पंजाब की संगत और प्रदेशवासियों को लाख-लाख बधाइयां एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सेवा, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी समाज को एकता और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने पंजाब के हितों को ध्यान में रखते हुए इस गठबंधन की पहल की है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के समय से भाजपा और अकाली दल के बीच चले आ रहे संबंधों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। यह गठबंधन पंजाब में गैंगस्टरवाद और नशे को समाप्त करने, किसानों को सम्मान देने, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने तथा गरीबों के उत्थान के लिए काम करेगा। उन्होंने पंजाब के लोगों से एकजुट होकर प्रदेश को मजबूत बनाने और नई दिशा देने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
क्रमांक-2026
गोवा फिल्म फेस्टिवल में अभिनेता पंकज झा ने हरियाणा पवेलियन का किया दौरा
चंडीगढ़, 24 नवंबर। गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के अंतर्गत वेव्स फिल्म बाजार में स्थापित हरियाणा स्टेट पवेलियन में चौथे दिन भी फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियों का आगमन जारी रहा। मंगलवार को अभिनेता पंकज झा ने हरियाणा पवेलियन का दौरा किया और प्रदेश की फिल्म नीति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने हरियाणा में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य सरकार द्वारा फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों में रुचि दिखाई।
फ़िल्म क्षेत्र से जुड़े आगंतुकों ने प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए उपलब्ध अवसरों, शूटिंग लोकेशनों तथा फिल्म निर्माताओं को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
हरियाणा पवेलियन के माध्यम से राज्य सरकार की ओर से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध शूटिंग लोकेशनों और फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। साथ ही, फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को हरियाणा में शूटिंग की संभावनाओं तथा अनुमति प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
हरियाणा सरकार का उद्देश्य प्रदेश को फिल्म निर्माण के एक आकर्षक केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकारों, निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए नए अवसर सृजित करना है।
क्रमांक-2026
बाबा साहब के सपने को साकार कर रही है सरकार- कृष्ण कुमार बेदी
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने गांव पिडारसी न्यू कॉलोनी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन का किया शिलान्यास
चंडीगढ़, 24 नवंबर – हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और गरीब परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। बाबा साहब अम्बेडकर भवन का निर्माण भी इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण कदम है। इस भवन में समाज के कार्यक्रम, बैठकें, सांस्कृतिक आयोजन और बच्चों की शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। इससे समाज में एकता और भाईचारा और मजबूत होगा।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मंगलवार को कुरुक्षेत्र के गांव पिडारसी न्यू कॉलोनी में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता (पूर्व विधायक) एवं , अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. बंताराम वाल्मीकि ने की।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को बराबरी का अधिकार दिया। उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया और कहा कि शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो – यही बाबा साहब का मूल मंत्र था। प्रदेश सरकार बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और शिक्षा के बल पर पूरे विश्व में नाम कमाया। आज की युवा पीढ़ी को बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। सरकार हर गांव में अम्बेडकर भवनों के निर्माण, मरम्मत और सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर गांव के सरपंच अनिल कुमार सहित गांव के गणमान्य व्यक्ति, पंचायत सदस्य, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
क्रमांक-2026*गुरुग्राम की तस्वीर बदलने के लिए मिशन मोड में काम करें अधिकारी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*
*मुख्यमंत्री ने जीएमडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ की विकास कार्यों की समीक्षा, स्वच्छता से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक की प्रगति जानी*
*मुख्यमंत्री ने कहा, स्वच्छता और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन पर माइक्रो मैनेजमेंट से करें काम*
*सीएंडडी वेस्ट के अस्थायी संग्रहण के लिए जिले में 10 स्थानों पर चिन्हित होगी एक-एक हेक्टेयर भूमि*
*शहर में कहीं भी धूल न उड़ने दें, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ का हो बेहतर रखरखाव : मुख्यमंत्री*
*मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश, पेयजल, सड़क और सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी*
चंडीगढ़, 24 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए शहर की स्वच्छता, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) के प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सड़क, पेयजल एवं सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम की व्यवस्थाओं के भीतर धरातल पर स्पष्ट बदलाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। अधिकारी पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को धरातल पर उतारें। उन्हें केवल कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट नहीं, बल्कि उनके वास्तविक परिणाम दिखाई देने चाहिए।
बैठक में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस.ढेसी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ यशपाल यादव, भी मौजूद रहे।
*स्वच्छता और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन पर माइक्रो मैनेजमेंट से करें काम*
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सीएंडडी वेस्ट के उचित निस्तारण के लिए अधिकारी माइक्रो मैनेजमेंट के स्तर पर काम करें। निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरी प्रक्रिया में संबंधित कंपनियों की जवाबदेही तय की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरे का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार हो।
*सीएंडडी वेस्ट के अस्थायी संग्रहण के लिए जिले में 10 स्थानों पर चिन्हित होगी एक-एक हेक्टेयर भूमि*
बैठक में जीएमडीए के सीईओ डी .के बेहेरा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सीएंडडी वेस्ट के व्यवस्थित प्रबंधन को लेकर नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिले में 10 अलग-अलग स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने की योजना बनाई गई है। इन स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का अस्थायी रूप से संग्रहण किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित भूमि को चारों ओर से कवर (चारदीवारी अथवा घेराबंदी) किया जाएगा, ताकि कचरे का अनियंत्रित फैलाव न हो और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी एवं प्रदूषण की समस्या पैदा न हो। इस व्यवस्था से सीएंडडी वेस्ट के संग्रहण और आगे उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने सीएंडडी वेस्ट के दीर्घकालिक एवं व्यवस्थित निस्तारण के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निकट जिले में लगभग 500 एकड़ भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में गुरुग्राम, मानेसर तथा फरीदाबाद का सी एंड डी वेस्ट का यहां निस्तारण किया जा सके।
*दिल्ली से अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना*
बैठक में दिल्ली से गुरुग्राम में अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वाले वाहनों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस संबंध में सीपी शिवास कविराज ने जानकारी दी कि अब तक ऐसी 12 गाड़ियों को जब्त किया जा चुका है तथा संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस प्रकार अवैध रूप से कचरा डालने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। संबंधित मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की स्वच्छता से किसी भी कीमत पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाहर से कचरा लाकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
*शहर में कहीं भी धूल न उड़ने दें, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ का हो बेहतर रखरखाव*
मुख्यमंत्री ने शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम में कहीं भी धूल उड़ती हुई दिखाई नहीं देनी चाहिए। सड़कों के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट में घास लगाई जाए और उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। फुटपाथों पर टाइल्स की जगह व्यवस्थित एवं टिकाऊ प्लेटें लगाने तथा प्रमुख सड़कों के किनारे बेहतर फुटपाथ विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का स्वरूप व्यवस्थित एवं आकर्षक होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम अधिकारियों से शहर की मौजूदा स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि सफाई कार्यों के लिए जिन कर्मचारियों एवं अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनकी उपस्थिति और कार्य की नियमित निगरानी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित संख्या में सफाई कर्मचारी धरातल पर मौजूद रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। शहर की प्रत्येक प्रमुख सड़क के लिए एक अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए, ताकि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही होने पर जवाबदेही तय की जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह शहर की नियमित व्यवस्था का हिस्सा बननी चाहिए।
*पेयजल, सड़क और सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी*
मुख्यमंत्री ने जीएमडीए की सड़क, पेयजल आपूर्ति एवं सीवरेज नेटवर्क से संबंधित मिसिंग लिंक परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गति प्रदान की जाए। पेयजल आपूर्ति के मुख्य नेटवर्क से छूटे हुए लिंक को जोड़कर शहर में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार सड़क नेटवर्क में जहां भी कनेक्टिविटी की कमी है, वहां मिसिंग लिंक विकसित कर आवागमन को सुगम बनाया जाए। उन्होंने सीवरेज नेटवर्क के अधूरे लिंक को भी शीघ्र जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि सीवरेज और जलनिकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि की उपलब्धता बाधा बन रही है, वहां अधिकारी लैंड एक्सचेंज सहित अन्य व्यावहारिक विकल्पों पर काम करते हुए समाधान निकालें। शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं का मजबूत एवं व्यवस्थित ढांचा तैयार किया जाए।
*प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें संयुक्त आयुक्त*
बैठक में पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सुझाव दिया कि नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें। चौक-चौराहों पर साफ-सफाई, हरियाली, उचित लाइटिंग और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ नागरिकों को भी बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी।
*बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने की कार्रवाई जारी रखें*
बैठक में शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या पर भी चर्चा हुई। गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अब तक लगभग 250 से अधिक बेसहारा गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में भेजा जा चुका है। इस दौरान कुछ स्थानों पर पशुओं को पकड़ने वाली टीमों के साथ मारपीट की घटनाओं का विषय भी सामने आया। मुख्यमंत्री ने ऐसी घटनाओं पर कड़ा संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि पशुओं के संरक्षण और शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई निरंतर जारी रहनी चाहिए।
बैठक में फरीदाबाद नगर निगम के आयुक्त यशेंद्र सिंह, डीसी उत्तम सिंह, जीएमडीए के एडिशनल सीईओ मोहम्मद इमरान रजा, गुरुग्राम नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त यश जालुका तथा रवींद्र यादव सहित जीएमडीए तथा नगर निगम गुरुग्राम के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
क्रमांक-2026


