Homeपंजाबपटियाला का माता काली मंदिर 13 दिसंबर को खुलेगा, केजरीवाल का ऐलान;...

पटियाला का माता काली मंदिर 13 दिसंबर को खुलेगा, केजरीवाल का ऐलान; नंगल में मान ने की सामाजिक एकता की बात | 24 Ghante News

By Priyanka Thakur

चंडीगढ़/नंगल (रोपड़), 26 नवंबर।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को नंगल में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या में शिरकत की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की कि पटियाला स्थित माता काली मंदिर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसका उद्घाटन 13 दिसंबर को किया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की उपजाऊ धरती पर नफरत का बीज कभी नहीं उग सकता। राज्य की पहचान आपसी भाईचारे, धार्मिक सद्भाव और साझा संस्कृति से है।

सभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने सनातन धर्म और धार्मिक परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए अभूतपूर्व काम किया है। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

केजरीवाल ने पटियाला के माता काली मंदिर के उद्घाटन की जानकारी देते हुए लोगों से 13 दिसंबर को बड़ी संख्या में पहुंचने और माता का आशीर्वाद लेने की अपील की।

उन्होंने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि अब इसमें तीन नए धार्मिक यात्रा मार्ग शामिल किए गए हैं। इनके तहत श्रद्धालु सालासर बालाजी और खाटू श्याम, हरिद्वार और ऋषिकेश तथा मथुरा-वृंदावन की यात्रा कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब में सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक आयोजनों में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि यहां रामनवमी, गुरुपर्व, गुरु रविदास जी का प्रकाश पर्व और ईद सभी मिल-जुलकर मनाए जाते हैं। राजनीतिक नेताओं ने धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने के कई प्रयास किए, लेकिन पंजाब कभी नहीं बंटा और न ही बंट सकता है।

मुख्यमंत्री ने नंगल क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने इस इलाके की अनदेखी की, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे उचित मान-सम्मान और पहचान दी है। उन्होंने सतलुज नदी और भाखड़ा बांध के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि कंडी और चंगर क्षेत्रों के किसानों तक नहरी पानी पहुंचाया जा रहा है। इससे कृषि उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।

भगवंत मान ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अब तक करीब 78 हजार युवाओं को बिना भ्रष्टाचार सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी उल्लेख किया।

महिलाओं के लिए मावां-धीयां सत्कार योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली दिसंबर को महिलाओं के मोबाइल फोन पर सम्मान राशि आने का संदेश फिर सुनाई देगा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने बैंक खाते और मोबाइल फोन पर स्वयं नियंत्रण रखें, क्योंकि यह आर्थिक सहायता उनका अधिकार है।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर और हंसराज रघुवंशी ने भगवान शिव को समर्पित भजनों की प्रस्तुतियां दीं। हजारों श्रद्धालु भक्ति और संगीत के रंग में डूबे नजर आए।

रिपोर्ट: Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments