चंडीगढ़, 25 नवंबर। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने युवाओं को सरकारी रोजगार देने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए 56 नए उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बुधवार को जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के 54 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिए। इसके अलावा पुड्डा (PUDA) में भी दो क्लर्क-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
पंजाब भवन में आयोजित समारोह के दौरान मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने नवनियुक्त कर्मचारियों और उनके परिवारों को बधाई दी। जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग में नियुक्त किए गए 54 कर्मचारियों में 46 ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर, पांच कम्युनिटी डेवलपमेंट स्पेशलिस्ट और तीन आईईसी स्पेशलिस्ट शामिल हैं। इन सभी उम्मीदवारों का चयन उनकी योग्यता के आधार पर किया गया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नए कर्मचारियों के विभाग में शामिल होने से विभागीय परिवार का विस्तार हुआ है। वे आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने और विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार योग्य और पात्र उम्मीदवारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुंडियां ने नवनियुक्त कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी केवल रोजगार नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक कर्मचारी को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए जनकल्याण के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नए कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन से निभाएंगे।
इस दौरान जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के सचिव रामवीर ने भी नवनियुक्त कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अब विभागीय परिवार का अहम हिस्सा हैं और उनसे अनुशासन, जिम्मेदारी तथा समर्पण के साथ काम करने की अपेक्षा है। आम जनता तक बेहतर सेवाएं पहुंचाने में कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
वहीं, पुड्डा भवन में आयोजित अलग समारोह में मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने पंजाब सरकार की अनुकंपा नियुक्ति नीति के तहत नियुक्त किए गए दो क्लर्क-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटरों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे। इस तरह कुल 56 उम्मीदवारों को सरकारी सेवाओं में शामिल होने का अवसर मिला।


