Homeपंजाबमेरा घर, मेरे नाम योजना: 50 दिन में 5.15 लाख मालिकाना प्रमाण...

मेरा घर, मेरे नाम योजना: 50 दिन में 5.15 लाख मालिकाना प्रमाण पत्र वितरित

चंडीगढ़, 29 नवंबर 2026: पंजाब की भगवंत मान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मेरा घर, मेरे नाम’ के तहत ग्रामीण परिवारों को उनके घरों का कानूनी मालिकाना हक देने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। योजना के अंतर्गत महज 50 दिनों में राज्य के सभी 23 जिलों के 2,576 गांवों में 5.15 लाख से अधिक संपत्ति मालिकाना प्रमाण पत्र वितरित किए जा चुके हैं। राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि इस पहल से उन परिवारों को कानूनी अधिकार मिल रहा है, जो पीढ़ियों से अपने घरों में रह रहे थे, लेकिन उनके पास मालिकाना हक का सरकारी रिकॉर्ड नहीं था।

पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 7 अक्टूबर 2026 को धूरी में इस योजना की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य गांवों में ‘लाल लकीर’ के अंदर रहने वाले परिवारों को उनके घरों का कानूनी मालिकाना हक देना है। उन्होंने इसे ‘सम्मान की क्रांति’ बताते हुए कहा कि यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देने वाला ऐतिहासिक सुधार है।

मुंडियां ने कहा कि पहले कई परिवार अपने ही घरों के आधार पर बैंक से ऋण नहीं ले सकते थे और संपत्ति विवादों में भी उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब मालिकाना प्रमाण पत्र मिलने से उनके पास घर का पुख्ता कानूनी रिकॉर्ड होगा। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर तक 2.19 लाख मालिकाना कार्ड वितरित किए गए थे, जबकि पिछले तीन सप्ताह में इनकी संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है। अब तक कुल 7.11 लाख प्रमाण पत्र तैयार किए जा चुके हैं।

मंत्री के अनुसार, योजना के तहत पंजाब के सभी 10,734 गांवों के लाल लकीर क्षेत्र कवर किए जा रहे हैं। इसे चार चरणों में लागू किया जा रहा है। पहले चरण के 2,284 गांवों में 96 प्रतिशत रिकॉर्ड ऑफ राइट्स तैयार हो चुका है और 84 प्रतिशत मालिकाना कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। दूसरे चरण के 1,680 गांवों का काम नवंबर 2026 के अंत तक, तीसरे चरण के 1,152 गांवों का काम दिसंबर के मध्य तक और चौथे चरण के शेष 5,579 गांवों का काम जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) द्वारा विकसित ‘पंजाब आबादी देह’ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल तरीके से संचालित की जा रही है। सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा ड्रोन सर्वेक्षण के जरिए गांवों के आबादी क्षेत्रों के नक्शे तैयार किए जाते हैं। इसके बाद जमीनी सत्यापन, रिकॉर्ड अपलोड और सार्वजनिक प्रदर्शन किया जाता है। संपत्ति मालिकों को हर चरण की जानकारी SMS के माध्यम से दी जाती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments