Homeपंजाबपंजाब के 8 कैडेट NDA और TES से पास आउट, अमन अरोड़ा...

पंजाब के 8 कैडेट NDA और TES से पास आउट, अमन अरोड़ा ने दी बधाई

महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रीपेरेटरी इंस्टीट्यूट के कैडेटों ने बढ़ाया पंजाब का मान, जल्द बनेंगे भारतीय सेना में अधिकारी

चंडीगढ़: पंजाब के लिए गर्व का क्षण है। महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रीपेरेटरी इंस्टीट्यूट, एसएएस नगर के आठ कैडेट प्रतिष्ठित सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों से पास आउट हुए हैं। इनमें छह कैडेट राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला के 151वें कोर्स से और दो कैडेट तकनीकी प्रवेश योजना (टीईएस) के तहत अपने-अपने कैडेट प्रशिक्षण विंग्स से स्नातक हुए हैं। एनडीए की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया।

इस उपलब्धि पर पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने सभी कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि इन युवाओं की सफलता पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कैडेट इसी अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ते हुए सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनकर पंजाब और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने संस्थान के लगातार शानदार प्रदर्शन पर संतोष जताया।

एनडीए से पास आउट होने वाले छह कैडेटों में मोहाली के सिमरतपाल सिंह संधू, मोक्ष सैणी और लक्ष्य शर्मा, बठिंडा के अश्मित, गुरदासपुर के तेजिंदरपाल सिंह तथा पठानकोट के विश्वास मित्तल शामिल हैं। इन कैडेटों ने महाराजा रणजीत सिंह संस्थान में दो वर्ष और एनडीए में तीन वर्ष का कठोर प्रशिक्षण पूरा किया है। अब ये विभिन्न सर्विस ट्रेनिंग अकादमियों में जाएंगे और एक वर्ष का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगे।

वहीं, तकनीकी प्रवेश योजना के तहत सक्षम मलिक ने मिलिट्री कॉलेज ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग (एमसीईएमई), सिकंदराबाद और मेहताब सिंह सिद्धू ने कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग (सीएमई) से प्रशिक्षण पूरा किया है। दोनों अब इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए) में एक वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, जिसके बाद उन्हें अधिकारी के रूप में कमीशन दिया जाएगा।

संस्थान के निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अजय एच. चौहान, वीएसएम ने भी कैडेटों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान पंजाब के युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि संस्थान के 15 अन्य कैडेट दिसंबर 2026 में शुरू होने वाले कोर्सों के लिए जॉइनिंग लेटर का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा दिसंबर 2026 में आईएमए और एयर फोर्स अकादमी से 10 और कैडेट अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगे। इससे संस्थान के शानदार प्रदर्शन में एक और उपलब्धि जुड़ेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments