चंडीगढ़, 10 सितंबर:
पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने राज्य प्रशासन, पंचायतों और स्थानीय स्वंयसेवी संगठनों के साथ मिलकर व्यापक राहत अभियान शुरू किया है। अमृतसर और सुल्तानपुर लोधी के सबसे अधिक प्रभावित गांवों में कंपनी ने तत्काल राहत सामग्री और सेवाएं पहुंचानी शुरू कर दी हैं।
रिलायंस ने इस संकट की घड़ी में 10 सूत्रीय सहायता कार्यक्रम चलाया है, जिसके तहत पोषण, शेल्टर, सार्वजनिक स्वास्थ्य और पशुधन की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राहत कार्यों में शामिल हैं:
-
10,000 से अधिक परिवारों को राशन किट का वितरण।
-
महिलाओं और बुजुर्गों द्वारा संचालित लगभग 1,000 परिवारों को ₹5,000 मूल्य के वाउचर।
-
सामुदायिक रसोई के लिए राशन और पोर्टेबल वाटर फिल्टर की व्यवस्था।
-
विस्थापित परिवारों को तिरपाल, मच्छरदानी, रस्सियां, ग्राउंडशीट और बिस्तर जैसी आवश्यक सामग्री।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशक अनंत अंबानी ने कहा, “इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं पंजाब के लोगों के साथ हैं। कई परिवारों ने अपने घर और कारोबार खो दिए हैं। पूरा रिलायंस परिवार उनके साथ खड़ा है। हम न केवल लोगों बल्कि जानवरों के लिए भी भोजन, पानी और आश्रय की व्यवस्था कर रहे हैं। साथ ही, बाढ़ का पानी उतरने के बाद बीमारियां न फैलें इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।”
इसके अलावा, जियो की पंजाब-टीम एनडीआरएफ के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में नेटवर्क बहाली में जुटी है। कंपनी ने राज्य में 100% कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए हैं। वहीं, रिलायंस रिटेल ने 21 आवश्यक वस्तुओं की किट बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भेजनी शुरू कर दी है।
रिलायंस का यह कदम पंजाब के हजारों परिवारों के लिए राहत की नई उम्मीद लेकर आया है और राज्य के पुनर्वास प्रयासों को गति प्रदान कर रहा है।