विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का दूसरा चरण: रबी फसलों पर होगा फोकस, दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन 15-16 सितंबर को
नई दिल्ली, 13 सितंबर 2025 – देशभर के किसानों के लिए एक बड़ी खबर है। ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के पहले चरण की सफलता के बाद अब इसका दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में यह अभियान 3 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस बार यह अभियान रबी फसलों पर केंद्रित होगा, जिसमें वैज्ञानिक गांव-गांव जाकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे।
दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन
अभियान की शुरुआत से पहले 15-16 सितंबर को पूसा, नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2025 आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, केंद्रीय मंत्रालयों के अधिकारी, आईसीएआर के वैज्ञानिक और कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs) के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
यह पहली बार होगा जब रबी सम्मेलन दो दिन का आयोजित किया जा रहा है। इसमें न सिर्फ नीतियों और योजनाओं की समीक्षा होगी, बल्कि किसानों तक तकनीक, बीज और उर्वरकों को समय पर पहुँचाने की रणनीति पर भी गहन चर्चा होगी।
किसानों तक पहुंचेगा ‘लैब टू लैंड’ मंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लैब टू लैंड’ विजन को साकार करने के लिए यह अभियान खास भूमिका निभा रहा है। पिछले खरीफ सीजन में वैज्ञानिकों की 2,170 टीमें गांव-गांव पहुंचीं और किसानों को नई तकनीक और खेती से जुड़ी जानकारी दी। किसानों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे बेहद लाभकारी बताया।
इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब रबी फसलों के लिए भी यही मॉडल अपनाया जा रहा है। अभियान का मकसद है – किसानों की आय बढ़ाना, खेती को टिकाऊ बनाना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना।
किन विषयों पर होगी चर्चा
सम्मेलन में कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा, जैसे –
-
जलवायु सहनशीलता और मृदा स्वास्थ्य
-
संतुलित उर्वरक उपयोग और कृषि ट्रेसेबिलिटी
-
दलहन एवं तिलहन उत्पादन में वृद्धि
-
बागवानी विविधीकरण और निर्यात क्षमता
-
प्राकृतिक खेती और एकीकृत कृषि प्रणाली
-
समय पर बीज व उर्वरक उपलब्ध कराना
-
कृषि विज्ञान केंद्रों की भूमिका और प्रसार सेवाओं को मजबूत करना
इन विषयों पर विशेषज्ञ प्रस्तुतियाँ देंगे और राज्यों की सफलताओं को साझा किया जाएगा, ताकि अन्य राज्य भी उनसे सीख लेकर उन्हें लागू कर सकें।
किसानों के लिए बड़ा अवसर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यह अभियान केवल सैद्धांतिक नहीं होगा, बल्कि किसानों तक व्यवहारिक समाधान पहुँचाएगा। इससे रबी सीजन की उत्पादन रणनीति को नई दिशा मिलेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
किसान भाई-बहनों के लिए यह अवसर है कि वे आधुनिक तकनीकों, नए बीजों और टिकाऊ खेती के तरीकों से जुड़ें। सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान तक यह जानकारी पहुँचे और खेती न सिर्फ आत्मनिर्भर हो बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिस्पर्धी बने।
‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का दूसरा चरण भारत के कृषि क्षेत्र में एक नई क्रांति का संकेत है। यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि किसानों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास है। उम्मीद है कि जिस तरह खरीफ अभियान सफल रहा, उसी तरह रबी अभियान भी किसानों के लिए नए अवसर लेकर आएगा और देश को खाद्य सुरक्षा के मामले में और मजबूत बनाएगा।


