Saturday, December 6, 2025
Homeदेशभाजपा प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, चंडीगढ़...

भाजपा प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, चंडीगढ़ फ्लाईओवर योजना में संशोधन की रखी मांग

नई दिल्ली/चंडीगढ़:
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के महामंत्री रामवीर भट्टी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा प्रस्तावित ट्रिब्यून फ्लाईओवर योजना में संशोधन की मांग उठाते हुए उन्हें एक विस्तृत मेमोरेंडम सौंपा।

वर्तमान योजना के अनुसार फ्लाईओवर का निर्माण सेक्टर 31-32 चौक से शुरू होकर ट्रिब्यून चौक को पार करते हुए रेलवे क्रॉसिंग से पहले समाप्त होना है। भाजपा नेता भट्टी ने कहा कि यह स्वरूप यात्रियों को अपेक्षित राहत नहीं देगा, क्योंकि वास्तविक ट्रैफिक दबाव चंडीगढ़-जीरकपुर बैरियर से लेकर हलमाजरा और इंडस्ट्रियल एरिया लाइट प्वाइंट तक केंद्रित है।

भट्टी ने स्पष्ट किया कि प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं और लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण यात्रियों को जाम और लंबी प्रतीक्षा झेलनी पड़ती है। यदि फ्लाईओवर केवल सेक्टर 31-32 चौक तक सीमित रहेगा, तो इसका लाभ सीमित होगा और जाम की समस्या जस की तस बनी रहेगी।

उन्होंने मांग की कि इस योजना को चंडीगढ़-जीरकपुर बैरियर से प्रारंभ कर सेक्टर 31-32 चौक को पार करते हुए आगे तक विस्तारित किया जाए। इस तरह का व्यापक स्वरूप न केवल मौजूदा ट्रैफिक दबाव को कम करेगा बल्कि क्षेत्र में आने-जाने वाले आम नागरिकों, दैनिक यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को भी सीधा लाभ देगा।

भट्टी ने जोर देकर कहा कि ट्रैफिक समस्या केवल शहरी सुगमता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों की उत्पादकता, समय की बचत और पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ और उसके आसपास के इलाकों में तेजी से बढ़ते वाहन दबाव को देखते हुए दीर्घकालिक समाधान की आवश्यकता है।

प्रदेश महामंत्री ने आशा व्यक्त की कि केंद्रीय मंत्री इस विषय पर गंभीरता से विचार करेंगे और फ्लाईओवर योजना को संशोधित कर व्यापक रूप देंगे। इससे न केवल चंडीगढ़ बल्कि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से आने-जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments