भाजपा नेता संजय टंडन ने स्कूली बच्चों संग मनाया अपना जन्मदिन
स्कूल बैग भेंट कर बच्चों के चेहरों पर खिलाई मुस्कान
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने अपना जन्मदिन इस बार अनूठे अंदाज़ में मनाकर समाज के लिए एक मिसाल पेश की। उन्होंने शहर के हलोमाजरा स्थित गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल में जाकर जरूरतमंद बच्चों के बीच समय बिताया और उन्हें स्कूल बैग वितरित किए। कार्यक्रम का आयोजन कंपिटेंट फाउंडेशन के सहयोग के माध्यम से आयोजित किया गया।
संजय टंडन ने कहा कि जीवन का असली सुख तभी मिलता है जब हम समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ खुशियां साझा करते हैं। उन्होंने बच्चों से आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा और संस्कार दोनों की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखते ही बन रही थी। बैग पाकर बच्चों ने खुशी जताई और संजय टंडन को धन्यवाद दिया। संजय टंडन ने भी कहा कि उनके लिए इससे बड़ा तोहफा और आशीर्वाद कुछ नहीं हो सकता कि उनका जन्मदिन बच्चों की मुस्कान के साथ जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर केक काटना या बड़ी पार्टियां करना आम बात है, लेकिन जरूरतमंदों के साथ जश्न मनाने का अनुभव आत्मिक संतोष देता है।
उन्होंने बताया कि कंपिटेंट फाउंडेशन लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सेवा कार्य करता आ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में संस्था की ओर से अनेक पहल की जा रही हैं। फाउंडेशन का उद्देश्य है कि समाज के कमजोर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ा जाए और उन्हें बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
संजय टंडन ने अपने संबोधन में कहा कि हर व्यक्ति को अपने खास दिनों पर समाज के लिए कुछ सकारात्मक करना चाहिए। अगर हम अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसर जरूरतमंदों के साथ मनाएं तो इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकों और फाउंडेशन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी संजय टंडन के प्रयासों की सराहना की। सभी ने माना कि ऐसे कदम बच्चों को प्रेरित करने के साथ-साथ समाज को भी नई दिशा देते हैं।


