कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने मुदकी में नहरी पानी को पीने योग्य बनाने के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया।
मुदकी में 14.27 करोड़ रुपए की लागत से पूरा होगा प्रोजेक्ट, 2400 घरों तक पहुंचेगा नहरी पानी: डॉ. रवजोत सिंह
मुदकी को मिली ऐतिहासिक परियोजना की सौगात-विधायक रजनीश दहिया
Priyanka Thakur
14.27 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाले इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास कैबिनेट मंत्री स्थानीय निकाय एवं संसदीय मामलों डा. रवजोत सिंह ने किया।इस अवसर पर फिरोजपुर देहाती से विधायक एडवोकेट रजनीश कुमार दहिया और जीरा से विधायक नरेश कटारिया विशेष रूप से उपस्थित थे।
कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में तैयार होने वाला यह मेगा प्रोजेक्ट मुदकी निवासियों के लिए प्रकृति से भरपूर नहरी पानी के रूप में एक बड़ा तोहफा होगा जो उन्हें स्वस्थ जीवन प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट 15 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा और इसके तहत मुदकी के 2400 घरों को पीने योग्य स्वच्छ पानी मुहैया कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अमृत योजना के अंतर्गत बनने वाले इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत करीब 33.69 किलोमीटर लंबाई में नई पेयजल पाइपें बिछाई जाएंगी, घर-घर कनेक्शन दिए जाएंगे और हर घर में पानी पहुंचाने के लिए एलिवेटेड वाटर टैंक भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पूरे पंजाब में हर क्षेत्र में विकास करवाया जा रहा है। मुदकी निवासियों की मांग पर कैबिनेट मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मुदकी में और अधिक विकास कार्य करवाए जाएंगे और फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
विधायक रजनीश कुमार दहिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद मुदकी में ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। वे क्षेत्र के विकास और लोगों की सेवा के लिए हमेशा प्रयासरत रहते हैं। इस मेगा प्रोजेक्ट से मुदकी निवासियों को प्रकृति से भरपूर स्वच्छ नहरी पानी के रूप में स्वस्थ जीवन मिलेगा। इससे पहले भी मुदकी में 22 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना चल रही है, जो लगभग 75 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। इसके पूरा होने के बाद लोगों को गंदे पानी और नालों की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सभी के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने सभी मुदकी निवासियों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और मुदकी को विकास के पथ पर आगे ले जाने की अपील की। परियोजना का शिलान्यास होने पर विधायक दहिया ने मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान और कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह का आभार जताया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने अपने संबोधन में सभी का स्वागत करते हुए कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह का इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास करने के लिए धन्यवाद किया।
इस अवसर पर एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू, एसडीएम गुरमीत सिंह, जल सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के एक्सियन सुपिंदर सिंह, मुदकी नगर पंचायत के प्रधान कुलदीप सिंह नागी, एमसी रोशन लाल, मनचंदा प्रिंस गुप्ता, कुलदीप सिंह खोसा, गुरप्रीत सिंह बराड़, ब्लॉक प्रधान जगतार सिंह, पर्सोनल विंग के जिला प्रधान दर्शन सिंह गरेवाल, सरपंच गुरनाम सिंह चंद्रा, विभिन्न वार्डों के एमसी, आम आदमी पार्टी के नेता, वर्कर और बड़ी संख्या में मुदकी निवासी उपस्थित थे।