मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा स्टेट एनवायरमेंट प्लान 2025 का शुभारंभ किया
चंडीगढ़।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को स्टेट एनवायरमेंट प्लान 2025 का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश में प्रदूषण को कम करना और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना प्रदूषण को खत्म करने की राह में पहला बड़ा कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर है और इस दिशा में विभिन्न स्तरों पर ठोस उपाय किए जा रहे हैं।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए पहल
मुख्यमंत्री ने बताया कि उद्योगों से निकलने वाले खतरनाक कचरे के निपटान के लिए फरीदाबाद में खतरनाक कचरा प्रबंधन स्थल तैयार किया गया है। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने ध्वनि प्रदूषण और जल प्रदूषण पर भी नियंत्रण के लिए कदम उठाए हैं।
परिवहन और ऊर्जा क्षेत्र में सुधार
सैनी ने घोषणा की कि प्रदेश में जल्द ही 105 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही सरकार ने सीएनजी और पीएनजी जैसे स्वच्छ ईंधनों के उपयोग को भी बढ़ावा दिया है।
किसानों और जनता से अपील
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे पराली जलाने से बचें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने प्रदेश की जनता से भी प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा, “यदि हम सब मिलकर प्रयास करें तो हरियाणा को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।”
जल और तालाब संरक्षण
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कचरे से भरी नदियों और तालाबों की सफाई को लेकर गंभीर है। अब तक अमृत सरोवर योजना के तहत 2200 तालाब बनाए जा चुके हैं। इसके जरिए जल प्रदूषण को रोकने और पानी के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
मिशन मोड में काम करने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से अपील की कि वे मिशन मोड में स्टेट एनवायरमेंट प्लान 2025 पर काम करें ताकि इस योजना का अधिकतम लाभ प्रदेशवासियों तक पहुंच सके।


