चंडीगढ़, 28 सितंबर:Priyanka Thakur
रविवार का दिन प्रदेश के श्रमिकों के कल्याण को समर्पित रहा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम से ऐतिहासिक पहल कर श्रमिकों की गरिमा, सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करते हुए करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात दी।
गुरुग्राम विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के अंतर्गत 37 हजार से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में 26 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, श्रम मंत्री अनिल विज और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने श्रमिक साथी मोबाइल एप लॉन्च किया। यह एप श्रमिकों के लिए एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा जो आसान पंजीकरण, आवेदन ट्रैकिंग, योजनाओं की जानकारी और शिकायत निवारण की सुविधा देगा।
🏥 सिलिकोसिस पुनर्वास नीति का विस्तार
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब एस्बेस्टोसिस, बायसिनोसिस और बैगियोसिस जैसे अन्य व्यावसायिक रोगों को भी सिलिकोसिस पुनर्वास नीति के दायरे में शामिल किया जाएगा। इसके तहत श्रमिकों और उनके परिवारों को पुनर्वास सहायता, पेंशन, शिक्षा व विवाह सहायता सहित कई लाभ मिलेंगे।
🏛️ श्रमिक सुविधा केंद्र और न्यायालय
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में 5 अत्याधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे। ये सिंगल विंडो हब के रूप में कार्य करेंगे जहां पंजीकरण, आई-कार्ड और योजनाओं की सभी सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।
इसके साथ ही सोनीपत, गुरुग्राम, सोहना, पलवल और बावल में 5 नए श्रम न्यायालय स्थापित किए जाएंगे। ई-कोर्ट व्यवस्था भी लागू होगी।
🛠️ श्रमिक शेड और व्यवसायिक छूट
प्रदेश में पहले चरण में 150 श्रमिक शेड विभिन्न चौराहों पर बनाए जाएंगे ताकि श्रमिकों को धूप और वर्षा से बचाव मिल सके।
साथ ही अब 20 से कम श्रमिकों को नियोजित करने वाले प्रतिष्ठान और व्यवसायों को दुकान एवं स्थापना अधिनियम में पंजीकरण से छूट दी जाएगी।
🎓 कौशल विकास योजना
मुख्यमंत्री ने श्रमिक कौशल विकास योजना की घोषणा की जिसके तहत पंजीकृत औद्योगिक और निर्माण श्रमिकों व उनके आश्रितों को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य श्रमिकों की गरिमा और कल्याण सुनिश्चित करना है, ताकि वे राज्य और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।