जन संपर्क अभियान के तहत मनीष तिवारी ने सुनी लोगों की समस्याएं
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़: सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री Manish Tewari ने अपने जन संपर्क अभियान के तहत वार्ड नंबर 34 के निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान के लिए चर्चा की। इस दौरान उनके साथ चंडीगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरमोहनिंदर सिंह लक्की सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मनीष तिवारी ने बताया कि इस अभियान के तहत वह शहर के 35 में से 28 वार्डों में लोगों से सीधा संवाद कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाना है।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए सांसद निधि से विभिन्न कार्यों के लिए ग्रांट जारी की जा रही है। इसके साथ ही अलग-अलग विभागों से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा रहा है ताकि समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।
बैठक के दौरान लोगों ने गंदे पेयजल और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसी समस्याएं उठाईं। इस पर तिवारी ने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
इसके अलावा, तिवारी ने सेक्टर 47 में भी एक जनसभा को संबोधित किया, जहां लोगों ने सड़कों और साफ पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति सुधारने के लिए वह अधिकारियों से विशेष बातचीत करेंगे।
तिवारी ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए लोगों से सीधा संवाद बेहद जरूरी है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।


