Friday, January 16, 2026
Homeहरियाणाप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार बनने पर भाजपा बनाएगी पंजाब...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार बनने पर भाजपा बनाएगी पंजाब को देश का अग्रणी राज्य- नायब सिंह सैनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार बनने पर भाजपा बनाएगी पंजाब को देश का अग्रणी राज्य- नायब सिंह सैनी

 

आम आदमी पार्टी की सरकार पर बरसे हरियाणा के मुख्यमंत्री, बोले – झूठे वायदों से सत्ता में आकर पंजाब का शोषण कर रही है आप सरकार*

 

बढ़ते नशे, बेरोजगारी और वायदाखिलाफी से पंजाब बेहाल

 

 भाजपा की सरकार बनने पर हरियाणा की तर्ज पर करवाया जाएगा पंजाब का विकास-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

क्षेत्र की सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संस्थाओं ने किया हरियाणा के मुख्यमंत्री को सम्मानित

चंडीगढ़,  4 जनवरी – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पंजाब में सरकार बनाकर भारतीय जनता पार्टी पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाएगी। मौजूदा पंजाब सरकार में शामिल लोगों ने झूठे वायदे करके सत्ता तो हथिया ली, लेकिन चार साल बीतने के बावजूद लोगों के हित में काम करने की बजाए पंजाब का शोषण किया जा रहा है।  पंजाब को नशाखोरी, बेरोजगारी और वायदा खिलाफी ने बर्बाद कर दिया है। पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर हरियाणा की तर्ज पर विकास करवाया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को हरियाणा-पंजाब सीमा के निकट स्थित जिला पटियाला के घनौर की अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन युवा विकास शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि एक समय में हरियाणा में भी कहा जाता था कि भारतीय जनता पार्टी का माहौल नहीं है। वर्ष 2014 के बाद ऐसा समय आया, आज वहां लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार है। इसी तर्ज पर पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशामुक्त बनाने की बात कहकर यहां नशे को बढ़ा दिया है। युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया गया था। हालात ये हैं कि आज चार साल बाद भी आम आदमी पार्टी की सरकार ने एक भी वायदा पूरा नहीं किया है। इन्होंने वायदा किया था कि महिलाओं को एक हजार रुपये देंगे। आज तक नहीं दिए गए। बुजुर्गां  को 2500 रुपये पेंशन देने की बात कही थी, आज तक भी 1500 रुपये दी जाती है, वह भी तीन से चार महीनों देरी से मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने वायदा किया था कि सरकार बनने पर महिलाओं को पांच सौ रुपये में सिलेंडर और 2100 रुपये दिए जाएंगे। सरकार बनते ही हरियाणा में पांच सौ रुपये में सिलेंडर देने की योजना लागू कर दी गई और अब प्रदेश में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये देकर वायदा पूरा कर दिया है। हरियाणा में बुजुर्गों को 3200  रुपये पेंशन दी जा रही है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ने भर्ती पर रोक लगवा दी थी। इसके बाद उन्होंने युवाओं से वायदा किया था कि वे शपथ बाद में लेंगे और  युवाओं को नियुक्ति पत्र  पहले देंगे। जैसे ही भाजपा की सरकार आई,  शपथ बाद में ली और 25000 युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर वायदा पूरा किया। हरियाणा में किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन किया गया और उनके 350वें शहीदी साल को मनाते हुए एक माह तक लगातार प्रदेश में कार्यक्रम किए गए। स्कूलों, कॉलेजों में निबंध लेखन, सेमिनार सहित विभिन्न कार्यक्रमों से उनकी शहादत की जानकारी दी गई ताकि आने वाली पीढ़ियों को पता चल सके कि  श्री गुरु तेग बहादुर जी ने कितना बड़ा बलिदान दिया था।  उनकी शहादत को याद करते हुए 350 रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। प्रत्येक शिविर में 350 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।  हरियाणा सरकार गुरुओं के बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचा रही हैं। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पिछले माह 25  तारीख को कुरुक्षेत्र में पहुंच कर श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन करते हुए उनकी याद में एक सिक्का, एक डाक टिकट एवं एक कॉफी टेबल बुक जारी की। हरियाणा में विश्वविद्यालयों के नाम गुरुओं के नाम से रखे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब में सांय पांच बजे के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार के दरवाजे बंद हो जाते है। उन्होंने कुछ न देने वाले एक शंख की कहानी सुनाकर आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा और कहा कि इनसे वायदे कितने भी करवा लो, लेकिन करने कराने को कुछ नहीं। जिसका खामियाजा आज पंजाब के लोग भुगत रहे हैं।  हंसता खेलता विकसित पंजाब आम आदमी पार्टी की सरकार ने बर्बाद कर दिया है।

हरियाणा सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस ने गरीबों को प्लाट देने की बात तो कही थी, लेकिन उन्हें न तो कागज दिए और न ही कब्जा। आज ऐसे लोगों को प्लाट व उनका कब्जा दिया जा रहा है।

 मुख्यमंत्री  ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार और पूर्व में सत्ता में रही कांग्रेस पार्टी बताए, उन्होंने आमजन के लिए क्या किया? फसल खराबे की बात की जाती है, हरियाणा में कांग्रेस ने दस साल के शासन में महज 1138 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया। भाजपा सरकार ने अब तक 15 हजार 500 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को दिया है। पिछले साल आई बाढ़ में पंजाब का काफी नुकसान हुआ। पंजाब सरकार बताए, किसानों को कितना मुआवजा दिया। जबकि हमने हरियाणा में जिन किसानों की फसल खराब हुई थी, उसके लिए 116 करोड़ रुपये उनके खाते में दिए हैं। ऐसे लोगों को, जिनके घरों में नुकसान हुआ, पशुओं का नुकसान हुआ, उन्हें पांच करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। आमजन के इलाज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान योजना की तर्ज पर चिरायु योजना लागू कर लोगों को इलाज की सुविधा दी जा रही है। ढाई करोड़ की आबादी वाले हरियाणा में डेढ़ करोड़ की आबादी इन दोनों योजनाओं में पात्र है। इस योजना के तहत अब तक  25 लाख लोगों ने इलाज करवाया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कहने को आप सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक खोले हैं लेकिन उनमें चिकित्सक नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों का इलाज सरकार द्वारा करवाए जाने का फैसला किया। हरियाणा में ऐसे बुजुर्गों पर आठ करोड़ रुपया खर्च किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही पंजाब को आगे बढ़ा सकती है। कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे लेकिन वर्तमान पंजाब सरकार ने तो कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। इनके मंत्री जेल में हैं। उन्होंने पंजाब के आम आदमी का पैसा लूटा है। पंजाब के लोग इनसे तंग आ चुके हैं। वर्ष 2027 में पंजाब भाजपा के साथ होगा। यहां भाजपा की सरकार बनेगी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब को देश का नंबर राज्य बनाएंगे। पंजाब में भी हरियाणा की तर्ज पर विकास होगा और हम सभी मिलकर पंजाब को आगे लेकर जाएंगे।

जनसभा को पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व मंत्री पंजाब सरकार महारानी परनीत कौर, पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह चीमा व सभा के आयोजक विकास शर्मा ने भी संबोधित किया।

प्रजापति समाज बहुत ही मेहनती और ईमानदार कौम है – रणबीर गंगवा

 

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कस्बा बवानीखेड़ा में प्रजापति सामुदायिक भवन के नव निर्मित भव्य द्वार का किया उद्घाटन

 

रणबीर गंगवा ने की प्रजापति सामुदायिक भवन के निर्माण में 11 लाख रुपए देने की घोषणा

चण्डीगढ़, 4 जनवरी – हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रजापति समाज मेहनती और ईमानदार कौम है। यह समाज जन्म से ही हुनरमंद है। मुख्यमत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। सरकार द्वारा पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

श्री रणबीर गंगवा आज जिला भिवानी के बवानीखेड़ा में प्रजापति सामुदायिक भवन के नव निर्मित भव्य द्वार के उद्घाटन अवसर पर आयोजित जनसभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 11 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन किसी एक समाज या वर्ग के न होकर सर्व समाज के काम आते हैं। धर्मशालाएं सांझा होती हैं, जहां हर जरूरतमंद को आसरा मिलता है।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर घर को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल मुहैया करवाने को लेकर पेयजल आपूर्ति प्रणाली को दुरूस्त किया जा रहा है। पुरानी लाइनों को बदला जा रहा है। जरूरत के अनुरूप नए जलघर और वाटर टैंकों का निर्माण करवाया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पेयजल से संबंधित शिकायतों का तत्परता से निपटान करें।

जिला में बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में स्वास्थ्य विभाग सजग एवं सतर्क – खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम

 

रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन कैंप में सरकारी डिस्पेंसरी का किया शुभारंभ

 

राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण कर जनता को कर रही लाभान्वित

चण्डीगढ़, 4 जनवरी – हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य में बेहतरीन और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण इलाज पहुंचाना है। आयुष्मान भारत योजना, चिरायु हरियाणा योजना और सरकारी अस्पतालों के आधुनिकीकरण से गरीब एवं मध्यम वर्ग को बड़ा लाभ मिला है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों तक सुविधाओं का विस्तार किया गया है। आधुनिक उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टर, निःशुल्क दवाइयां और जांच सेवाओं से जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है।

श्री गौरव गौतम आज जिला पलवल में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) कैम्प परिसर में सरकारी डिस्पेंसरी का शुभारंभ करने उपरांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

खेल राज्य मंत्री ने डिस्पेंसरी में उपलब्ध करवाई जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित ओपीडी, प्राथमिक उपचार, दवाइयों की उपलब्धता और टीकाकरण जैसी सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि डिस्पेंसरी में योग्य चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती की गई है ताकि मरीजों को समय पर उचित उपचार मिल सके।

श्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम नागरिक तक सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इस डिस्पेंसरी के शुरू होने से क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा और उन्हें छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह डिस्पेंसरी स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और भविष्य में यहां और भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments