चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत प्रदेश कार्यालय, सेक्टर-33 कमलम में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी प्रशिक्षण महा अभियान के तहत सभी जिलों में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करना रहा। इस दौरान प्रदेश के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने जिलों में चल रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और क्रियान्वयन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने अभियान के विभिन्न चरणों और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसे पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ सफल बनाएं।
इस अवसर पर यह निर्णय भी लिया गया कि चंडीगढ़ प्रदेश के सभी जिलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदेश से बाहर विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को व्यापक अनुभव प्रदान करना और संगठनात्मक क्षमता को और अधिक मजबूत करना है।
बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी संजय टंडन भी मंच पर उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रशिक्षण महा अभियान के संयोजक प्रदेश महामंत्री संजीव राणा, सह-संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश पांचाल और शक्ति देवशाली, तथा प्रदर्शनी के संयोजक रमेश सहोर भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षण महा अभियान को संगठन की मजबूती का आधार बनाते हुए इसे सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया जाए।


