चंडीगढ़, 19 अक्टूबर। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए देश में बढ़ते गैंगस्टरवाद, फिरौती और नशा तस्करी के मुद्दे पर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को कानून-व्यवस्था पर उपदेश देने से पहले भाजपा को देशभर में आपराधिक नेटवर्क पर लगाम लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सवालों का जवाब देना चाहिए।
सोमवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चीमा ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े कथित आपराधिक नेटवर्क का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि साबरमती जेल में बंद होने के बावजूद उसके नेटवर्क के सक्रिय रहने और धमकी भरे कॉल के आरोपों की जांच कैसे हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार और गुजरात सरकार से पूछा कि जेलों से कथित तौर पर संचालित होने वाले आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना पर उठाए सवाल
हरपाल सिंह चीमा ने मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं देश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जांच से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की।
चीमा ने कहा कि हरियाणा, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से गैंगवार, फायरिंग, फिरौती और नशा तस्करी की खबरें सामने आती रहती हैं। ऐसे में भाजपा को बताना चाहिए कि आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क को तोड़ने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए क्या प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा पर जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि गैंगस्टरों की धमकियों के कारण व्यापारियों और आम नागरिकों में डर का माहौल नहीं बनना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को धमकाकर पैसे वसूलने की कोशिश नागरिकों की स्वतंत्रता और कानून के राज के लिए गंभीर चुनौती है। सरकारों को ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है और पुलिस आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। उन्होंने केंद्र से देशभर में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क और नशा तस्करी के खिलाफ समन्वित अभियान चलाने की मांग की।
उन्होंने अमित शाह से सवाल किया कि लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े कथित नेटवर्क, जेलों से धमकी भरे कॉल और फिरौती के मामलों को रोकने के लिए क्या व्यवस्था लागू की गई है। चीमा ने कहा कि जनता को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस जवाब, जवाबदेही और सुरक्षा चाहिए।
news written by Priyanka Thakur


