साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), 3 मई | रिपोर्ट: प्रियंका ठाकुर
पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत आज मोहाली के बलोन्गी गांव से श्रद्धालुओं की 30वीं और 31वीं बसों को रवाना किया गया। इस मौके पर विधायक कुलवंत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बसों को तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर बोलते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस योजना को पूरे पंजाब में भारी समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसके लिए पंजीकरण करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी गई गारंटियां धरातल पर लागू की जा रही हैं और जनहित की योजनाओं से आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि तीर्थयात्रा के दौरान श्रद्धालु दो रात और तीन दिन एक साथ बिताते हैं, जिससे आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है।
विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के प्रयासों से लोगों में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस मौके पर राज्य पुरस्कार विजेता फूलराज सिंह ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और सभी यात्री समय पर यात्रा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह बस श्री अमृतसर साहिब के लिए रवाना की गई है।
कार्यक्रम में जसविंदर कौर, सतनाम सिंह सरपंच, बलजीत सिंह विक्की, रीटा, राम कुमार, मंगन लाल, रणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इसके अलावा कई पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
पंजाब सरकार की यह योजना न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि समाज में एकता और सद्भाव को भी बढ़ावा दे रही है।


