बठिंडा: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उन्हें झूठा बदनाम करके विरोधी एक बार फिर पंजाब को लूटने का मौका तलाश रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लोगों का पैसा लोगों की भलाई पर खर्च कर रही है और यही बात विपक्षी दलों को सबसे ज्यादा परेशान कर रही है।
बठिंडा के गांव घुद्दा में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने लंबे समय तक सत्ता में रहकर अपने खजाने भरे, जबकि आम आदमी पार्टी सरकार पंजाब के संसाधनों का उपयोग जनता की भलाई के लिए कर रही है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा और अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियां एक बार फिर गठजोड़ की दिशा में बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल सत्ता में वापसी के लिए भाजपा के साथ हाथ मिलाने को तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग उन ताकतों को कभी माफ नहीं करेंगे जिनके शासनकाल में पंजाब के हितों से समझौता किया गया।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि कुछ नेता मोदी के कोटे से हैं और कुछ राहुल गांधी के कोटे से, लेकिन वे लोगों के कोटे से हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में पंजाब के लोगों ने एक अध्यापक के बेटे को राज्य की सेवा करने का मौका दिया था और जनता के समर्थन से विकास का यह सफर लगातार जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई है, युवाओं को बिना भ्रष्टाचार के 70,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि पंजाब में युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए 3,100 खेल स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा राज्यभर में 45,000 किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण और अपग्रेडेशन का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा को सबसे बड़ी प्राथमिकता दे रही है क्योंकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही गरीबी और सामाजिक समस्याओं से बाहर निकलने का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत कर रही है ताकि आम परिवारों को बेहतर इलाज मिल सके।
महिलाओं के लिए मावां धियां सतिकार योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
कांग्रेस की आंतरिक कलह और अकाली दल की राजनीति पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल सत्ता हासिल करने की लड़ाई में उलझे हुए हैं, जबकि पंजाब सरकार का ध्यान लोगों की समस्याओं का समाधान और राज्य के विकास पर केंद्रित है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब के लोग अब ऐसी राजनीति चाहते हैं जो केवल वादे नहीं बल्कि जमीन पर परिणाम दे। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ पंजाब और पंजाबियों की सेवा करती रहेगी।
News Written By: Priyanka Thakur


