पंजाब में स्टार्टअप क्रांति को बढ़ावा, 28 स्टार्टअप को मिले 1.17 करोड़ रुपये की सीड ग्रांट
चंडीगढ़, 4 नवंबर 2026। पंजाब में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने ‘पंजाब इन्वेस्टर सर्कल 2.0’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्य के 28 स्टार्टअप को 1.17 करोड़ रुपये की सीड ग्रांट वितरित की गई। सरकार का उद्देश्य युवाओं के नए विचारों को सफल कारोबार में बदलना और पंजाब को उद्यमशीलता तथा तकनीकी नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में पिछले पांच वर्षों के दौरान स्टार्टअप की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2021-22 में राज्य में केवल 36 स्टार्टअप थे, जिनकी संख्या बढ़कर वर्ष 2026 में 404 हो गई है। अब तक 222 स्टार्टअप को 6.80 करोड़ रुपये की सीड फंडिंग प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य के लगभग 50 प्रतिशत स्टार्टअप का नेतृत्व महिला निदेशक कर रही हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि पंजाब स्टार्टअप नीति-2026 के तहत नए उद्यमियों को दो किस्तों में 15 लाख रुपये तक की सीड ग्रांट देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा ब्याज और लीज किराये पर सब्सिडी तथा सरकारी खरीद में प्राथमिकता जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सरकार स्टार्टअप को वित्तीय सहायता के साथ-साथ मार्गदर्शन, इनक्यूबेशन और औद्योगिक साझेदारी के अवसर भी प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण निवेशक पिचिंग सत्र रहा, जिसमें 10 स्टार्टअप ने निवेशकों और विशेषज्ञों के सामने अपने व्यावसायिक मॉडल तथा आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। इन स्टार्टअप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, हेल्थ टेक, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि तकनीक और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में अपने नवाचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर ‘स्टार्टअप पंजाब’ और जोहो कॉरपोरेशन के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत पात्र पंजीकृत स्टार्टअप को 1.86 लाख रुपये तक के जोहो वॉलेट क्रेडिट उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे नए उद्यमियों को डिजिटल कारोबारी समाधान प्राप्त करने और अपने व्यवसाय का विस्तार करने में सहायता मिलेगी।
अमन अरोड़ा ने युवा उद्यमियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान करते हुए कहा कि पंजाब के युवाओं में वैश्विक स्तर की कंपनियां और यूनिकॉर्न बनाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने वाला बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग, निदेशक जसप्रीत सिंह, पंजाब वित्तीय निगम की प्रबंध निदेशक सेनू दुग्गल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
news written by Priyanka Thakur


