Homeपंजाबपंजाब में तेल और प्राकृतिक गैस के बड़े भंडार की संभावना, बरिंदर...

पंजाब में तेल और प्राकृतिक गैस के बड़े भंडार की संभावना, बरिंदर कुमार गोयल का बड़ा बयान

चंडीगढ़, 27 अप्रैल: पंजाब के खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि पोटाश के बाद अब राज्य में प्राकृतिक गैस और तेल भंडारों की भी बड़ी संभावनाएं सामने आई हैं। इस दिशा में राज्य सरकार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

यह जानकारी उन्होंने भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन डायरेक्टर जनरल ऑफ हाइड्रोकार्बन और ऑयल इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद दी।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने राज्य में हाइड्रोकार्बन संसाधनों की खोज को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक तेल और गैस भंडारों की खोज के लिए 2डी सिस्मिक सर्वेक्षण किया जाएगा, जिससे भू-विज्ञान संबंधी सटीक आंकड़े जुटाए जा सकेंगे।

केंद्रीय टीम ने पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, फरीदकोट, मोगा, जालंधर और कपूरथला जिलों में तेल और गैस मिलने की संभावना जताई है। इस सर्वेक्षण को “मिशन अन्वेषण” के तहत अंजाम दिया जाएगा, जिसमें लगभग 169 लाइन किलोमीटर क्षेत्र को कवर किया जाएगा।

मंत्री गोयल ने कहा कि यह पहल राज्य में ऊर्जा संसाधनों की खोज को बढ़ावा देने के साथ-साथ एक व्यापक डेटा बैंक तैयार करने में सहायक होगी। इससे भारत की विदेशी ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार इस परियोजना को पूरा करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी और औद्योगिक विकास को गति देंगी।

बैठक में खनन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments