गैंगस्टरों ते वार’ के 164वें दिन पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 534 ठिकानों पर छापेमारी; 297 गिरफ्तार
चंडीगढ़: पंजाब को अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों से मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के 164वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए 534 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस विशेष अभियान के दौरान 297 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच हथियार भी बरामद किए गए।
पंजाब पुलिस के अनुसार, यह अभियान 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के नेतृत्व में शुरू किया गया था। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय से राज्य के सभी जिलों की पुलिस टीमें लगातार विशेष अभियान चला रही हैं। पुलिस ने बताया कि इस अभियान के शुरू होने से अब तक 43,127 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अभियान के दौरान पुलिस ने 206 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की। इसके अलावा दो भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नागरिक एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गैंगस्टरों, वांछित अपराधियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचना पूरी गोपनीयता के साथ साझा कर सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इसी दौरान राज्य में चल रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 489वें दिन भी पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। इस अभियान के तहत 187 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 2.1 किलोग्राम हेरोइन, 712 नशीली गोलियां और 22,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 71,538 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को 12 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास केंद्रों में उपचार के लिए प्रेरित भी किया।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत करने, गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने और नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
By Priyanka Thakur


