SIR फॉर्म भरें, तभी मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ और मतदान का अधिकार: मुख्यमंत्री भगवंत मान
रिपोर्ट: प्रियंका ठाकुर
चंडीगढ़, 8 जुलाई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को समय पर पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए SIR फॉर्म भरना अनिवार्य है। इसके बिना न केवल मतदान का अधिकार प्रभावित होगा, बल्कि राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय रहते SIR फॉर्म भरकर अपनी वोट को सुरक्षित करें। उनका कहना था कि जिन लोगों का नाम नई मतदाता सूची में शामिल होगा, वही आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
भगवंत मान ने बताया कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मावां धियां सत्कार योजना’ के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सहायता राशि भेजी जानी शुरू हो गई है। लाभार्थियों को उनके मोबाइल फोन पर राशि जमा होने के संदेश भी मिलने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह दिए जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक योजना का लाभ पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं तक पहुंचने की संभावना है। इसके लिए पंजाब सरकार ने ₹9300 करोड़ का बजट निर्धारित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR प्रक्रिया का उद्देश्य वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बनाए रखना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी व्यक्ति को SIR फॉर्म भरने में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वह अपने क्षेत्र के आम आदमी पार्टी के स्वयंसेवकों से संपर्क कर सकता है, जो हर संभव सहायता उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने अंत में सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे SIR प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें, समय पर फॉर्म भरें और अपने परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि मतदान का अधिकार सुरक्षित रहे और सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लगातार मिलता रहे।


