Wednesday, October 22, 2025
Homeहरियाणापंचकूला के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी व कालका में लोगों को जल्द मिलेगी...

पंचकूला के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी व कालका में लोगों को जल्द मिलेगी सुगम आवागमन की सुविधा

पंचकूला के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी व कालका में लोगों को जल्द मिलेगी सुगम आवागमन की सुविधा

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोरनी व कालका क्षेत्र के 19 गांवों के कच्चे रास्तों को पक्का कर पेवर ब्लॉक की सड़कें बनाने के दिए निर्देश

 

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यों को लेकर की समीक्षा बैठकदिए आवश्यक दिशा निर्देश

 

सड़कों के निर्माण और मुरम्मत में गुणवता का रखा जाए विशेष ध्यान – मुख्यमंत्री

 

तय समय सीमा में विकास कार्यों को करवाया जाए पूरा

 

चण्डीगढ़, 18 अगस्त — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जिला पंचकूला के पाहड़ी क्षेत्र मोरनी व कालका में लोगों को सुगम आवागमन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 19 गांवों के लगभग 61 किलोमीटर कच्चे रास्तों को पक्का कर पेवर ब्लॉक की सड़कें बनाने के निर्देश दिए। इन सड़कों की चौड़ाई  12 फुट होगी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज यहाँ लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने वन विभाग से एनओसी लेकर शीघ्र इन गांवों में सड़कों के निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मोरनी व कालका के पहाड़ी क्षेत्र के इन गांवों में सड़क बनने से वहां के निवासियों को आवाजाही के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी और इन इलाकों में विकास के नए मार्ग प्रशस्त होगी। यहां रहने वाले निवासियों को कच्ची सड़कों से होने वाली समस्याओं से जल्द निजात मिलेगी।

श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश में नई सड़कों के निर्माण और मुरम्मत में गुणवता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवता से किसी भी प्रकार का समझौता कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि तय समय सीमा में विकास कार्यों  को पूरा करवाया जाए। यदि कोई कार्य को पूरा करने में देरी करता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिला पंचकूला के थापली बधिशेर से कोटी 1.68 किलोमीटर, पिंजौर मल्लाह से मंगनीवाला 1.20 किलोमीटर और गोबिंदपुर से थाथर 5.35 किलोमीटर सड़क की वन विभाग से एनओसी लेकर इन सड़कों का निर्माण कार्य भी अतिशीघ्र शुरू किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने पानीपत से सफीदों 41 किलोमीटर, सफीदों से जींद 21.65 किलोमीटर और जिला अम्बाला में साहा चौक से पंचकूला-यमुनानगर फोरलेन तक व साहा चौक से कालपी तक तथा टोहाना रतिया सड़क के सुदृढ़ीकरण व चौड़ीकरण करने के कार्य को जल्द शुरू करने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरूण गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल सहित लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

मिशन ओलंपिक 2036 को लेकर मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय बैठक

 

 मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा को खेलों में अग्रणी बनाए रखने और मिशन ओलंपिक 2036 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य में खेल अवसंरचना को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश की विश्वविद्यालयों में खेल विभाग के 5 एक्सीलेंस सेंटर स्थापित किए जाएंगे।

प्रत्येक सेंटर में तीन खेलों की सुविधा होगी, यानी कुल मिलाकर 15 खेलों का प्रशिक्षण एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विश्वविद्यालयों के साथ बैठक कर इस कार्य को जल्द पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री आज हरियाणा सिविल सचिवालय में मिशन ओलंपिक 2036 के संबंध में खेल विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने राज्य में खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने, खेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का खेल महाशक्ति राज्य है और इस स्थिति को और मजबूत करने के लिए खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं दी जाएंगी। स्टेडियमों का आधुनिकीकरण किया जाएगा, कोच की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और प्रशिक्षण, खेल विज्ञान तथा पोषण संबंधी व्यवस्थाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप सुदृढ़ किया जाएगा। एक्सीलेंस सेंटर में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इस अवसर पर खेल मंत्री श्री गौरव गौतम, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, खेल विभाग के प्रधान सचिव श्री नवदीप सिंह विर्क, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विनीत गर्ग, वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री मोहम्मद शायन, खेल विभाग के महानिदेशक श्री संजीव वर्मा, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री यशपाल तथा खेल विश्वविद्यालय राई के कुलपति श्री अशोक कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments