प्रदेशभर में आज दिखेगा सेवा का संकल्प, होंगे अनेक जन कल्याणकारी कार्यक्रम
आर्शीवाद के दीये से जगमाएगा हरियाणा, सेवा संकल्प अभियान में होगी जनभागीदारी
विश्वकर्मा दिवस पर श्रमिकों को मिलेगा अनेक योजनाओं का लाभ, लाडो लक्ष्मी योजना का दूसरा चरण होगा आरंभ, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महेंद्रगढ़ से करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
चंडीगढ़, 16 सितंबर – प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा-यात्रा तथा विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान का आगाज आज प्रदेशभर में ‘आर्शीवाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा, जिसमें नागरिक उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करेंगे। ‘आर्शीवाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर चिन्हित स्थानों, प्रमुख परियोजनाओं पर तथा लाभार्थी अपने परिवारों के साथ दीप प्रज्वलित करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को चंडीगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर , मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, तथा सभी जिलों के उपायुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में कार्यक्रमों की तिथियां और कार्ययोजना को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए। जिला स्तर पर नोडल अधिकारी निर्धारित किए जाएं तथा प्रत्येक कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर से कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित रिपोर्ट ली जाए।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका और महाग्रामों में भी सेवा शिविर लगाए जाएं। इन सेवा शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभार्थियों की विवरण संबंधी शिकायतों का निपटान, नए लाभार्थी जोड़ने जैसे कार्य मौके पर ही किए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन सेवाओं का लाभ मौके पर ही दिया जाए, किसी भी नागरिक को शिविर में आने के बाद कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े।
मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा और उच्चतर शिक्षा विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सेवा, राष्ट्र निर्माण और रचनात्मकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएं। विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, रंगोली तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। जिला और स्कूल स्तर पर बेहतर गतिविधियों एवं नवाचारों की पहचान कर उन्हें व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाए। अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की माइक्रो प्लानिंग करें। कार्यक्रमों की तिथियां इस प्रकार निर्धारित की जाएं ताकि प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा गतिविधियों में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसलिए प्रशासनिक स्तर पर हर कार्यक्रम की ठोस योजना बनाई जाए और अभियान को गांव, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए।
लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का होगा आगाज, श्रमिकों को भी मिलेंगे विभिन्न योजनाओं के लाभ
‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के साथ ही महेंद्रगढ़ मे आयोजित होने वाले विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम मे महिला सशक्तिकरण और श्रमिक कल्याण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे, जिससे योजना का लाभ और अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसी अवसर पर श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों को भी लाभ प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंचे तथा कार्यक्रम के दौरान उन्हें योजनाओं से जोड़ने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
हर जिले की बेहतर पहल और सफलता की कहानी का हो दस्तावेजीकरण
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अभियान के दौरान जिलों में किए जाने वाले नवाचारों, बेहतर पहलों और सफलता की कहानियों को संकलित किया जाए। इनका सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अच्छे कार्यों से दूसरे जिले भी प्रेरणा ले सकें। उन्होंने अभियान के लिए प्रभावी प्रचार योजना तैयार करने और डिजिटल माध्यमों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश भी दिए।
क्रमांक-2026
‘आशीर्वाद के दीयों’ से जगमग होंगे पर्यटन, सहकारिता, विरासत स्थल और जेल परिसर : डॉ. अरविंद शर्मा
17 सितंबर को ‘एक दीया–एक आशीर्वाद’ की भावना के साथ प्रदेशभर में होंगे विशेष आयोजन
सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने के लिए डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदेशवासियों से किया आह्वान
चंडीगढ़, 16 सितंबर- प्रदेश के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर प्रदेशभर में ‘एक दीया–एक आशीर्वाद’ की भावना के साथ विशेष आयोजन किए जाएंगे। प्रमुख पर्यटन परिसरों एवं चयनित पर्यटन स्थलों के साथ सहकारिता विभाग की प्रमुख संस्थाओं, विरासत एवं ऐतिहासिक स्थलों तथा प्रदेश की जेलों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर डॉ. अरविंद शर्मा ने वीडियो संदेश जारी करते हुए प्रदेशवासियों से सेवा, संकल्प और जनभागीदारी की इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हो रहा यह अभियान सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी भागीदारी से सेवा के इस संकल्प को और मजबूत बनाए।
उन्होंने कहा कि ‘एक दीया–एक आशीर्वाद’ की भावना के साथ प्रज्वलित होने वाला प्रत्येक दीया सेवा, संकल्प, सकारात्मकता तथा देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की मंगलकामना का प्रतीक बनेगा। इस पहल से पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं, सहकारी संस्थानों में सदस्यों एवं कर्मचारियों तथा जेल परिसरों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जोड़ा जाएगा।
मोदी का मूल मंत्र जनसेवा, योजनाओं से लोगों के जीवन में आया बदलाव
डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र जनसेवा रहा है। इसी भावना के साथ केंद्र सरकार ने ऐसी नीतियों एवं योजनाओं को धरातल पर उतारा है, जिनसे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कोविड काल में वैक्सीन निर्माण को भारत की आत्मनिर्भरता का उदाहरण बताते हुए लखपति दीदी जैसी योजनाओं, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका तथा विदेश नीति का भी उल्लेख किया।
उन्होंने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को अपने घरों एवं संस्थानों में दीया प्रज्वलित कर प्रत्येक व्यक्ति इस मुहिम में सहभागी बन सकता है।
‘सेवा के 25 वर्ष–हरियाणा पर्यटन की नई उड़ान’ की दिखेगी झलक
पर्यटन विभाग द्वारा अभियान के तहत ‘सेवा के 25 वर्ष–हरियाणा पर्यटन की नई उड़ान’ थीम पर प्रमुख पर्यटन परिसरों में फोटो एवं डिजिटल प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें हरियाणा के पर्यटन विकास, धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों, सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले, कुरुक्षेत्र-ज्योतिसर, पिंजौर, मोरनी, धोसी पहाड़ी तथा फार्म एवं ग्रामीण पर्यटन की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।
डॉ. अरविंद शर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं तथा कार्यक्रमों का आयोजन गरिमापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पर्यटन, सहकारिता, कारागार और विरासत विभाग अपने-अपने स्तर पर सेवा एवं जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाएंगे।
क्रमांक 2026
सुमित चावला
8वीं में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन आमंत्रित
चंडीगढ़ , 16 सितंबर – देहरादून स्थित राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (RIMC) में जुलाई 2027 से शुरू होने वाले शैक्षणिक सत्र की कक्षा 8वीं में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज प्रवेश परीक्षा दिसंबर 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा का संचालन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा किया जाएगा। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी इस परीक्षा के लिए 1 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 की शाम 5:00 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं और अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।
सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग, हरियाणा के एक प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ने आयु सीमा का उल्लेख करते हुए बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का जन्म 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच होना अनिवार्य है। राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज में प्रवेश परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया निर्धारित लिंक (https://examinationservices.nic.in/ExamSys26Part2/Root/Home.aspx? enc=Ei4cajBkK1gZSfgr53lmFQBut9oTMxhETt9bNm6zcP2ghS+a59eor30/A5h2io4z) के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में जारी विज्ञापन को हरियाणा सरकार की वेबसाइट (www.csharyana.gov.in – Defence-II) पर भी देखा जा सकता है।
क्रमांक -2026
जंगबीर सिंह
390 घंटे का होगा ‘ऑर्गेनिक ग्रोवर’ प्रशिक्षण कोर्स
सिरसा जिले के मांगेआना स्थित फल उत्कृष्टता केंद्र में होगा संचालित
चंडीगढ़ , 16 सितंबर – हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए सिरसा जिले के मांगेआना स्थित फल उत्कृष्टता केंद्र में संचालित होने वाले 390 घंटे के ‘ऑर्गेनिक ग्रोवर’ (Organic Grower) प्रशिक्षण कोर्स में प्रवेश हेतु पुनः ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी उद्यान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट kaushal.hortharyana.gov.in पर जाकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस कोर्स के लिए कुल 20 सीटें निर्धारित की गई हैं और केवल हरियाणा के स्थाई निवासी ही इसके लिए पात्र होंगे। शैक्षणिक योग्यता के रूप में उम्मीदवार का 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है तथा आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थियों का चयन 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों की काउंसिलिंग 22 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे फल उत्कृष्टता केंद्र, मांगेआना में आयोजित की जाएगी। काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ-साथ आधार कार्ड, 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, परिवार पहचान पत्र की फोटोकॉपी तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान परीक्षार्थियों के लिए रात्रि ठहराव की व्यवस्था केंद्र द्वारा की जाएगी। प्रशासनिक कारणों से कोर्स की अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है। किसी भी अतिरिक्त जानकारी के लिए अभ्यर्थी केंद्र अधिकारी से मोबाइल नंबर 97280-54266 पर संपर्क कर सकते हैं।


