चंडीगढ़, 23 जून। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ द्वारा प्रदेश कार्यालय कमलम, सेक्टर-33 में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके राष्ट्रहित में दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। जम्मू-कश्मीर में लागू दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था के विरुद्ध उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” और इसी संकल्प के लिए उन्होंने अपना बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी केवल एक राजनेता ही नहीं बल्कि दूरदर्शी शिक्षाविद् और राष्ट्रनिर्माता भी थे। वे देश के सबसे युवा कुलपति बने तथा स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने सिद्धांतों से समझौता करने के बजाय पद त्यागना स्वीकार किया। वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना कर उन्होंने राष्ट्रवादी राजनीति की ऐसी नींव रखी, जिसका विस्तार आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में पूरे देश में दिखाई देता है।
भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ द्वारा पूरे प्रदेश के सभी छह जिलों में कुल 12 पुष्पांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में हजारों कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लेकर डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा उनके राष्ट्रवादी विचारों और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्श, राष्ट्र प्रथम की उनकी भावना और अखंड भारत का उनका संकल्प आज भी करोड़ों देशवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पूरे चंडीगढ़ में आयोजित इन श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश पांचाल, इंदिरा सिंह, भारत कुमार, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, प्रकोष्ठ एवं विभागों के संयोजक शक्ति देवशाली, सह-संयोजक रमेश सहोर, प्रदेश सचिव रुचि शेखड़ी, मीनाक्षी ठाकुर, सोनिया दुग्गल, महिला मोर्चा अध्यक्ष सोनम वर्मा, स्पोर्ट्स सेल संयोजक प्रभजीत लाम्बा, जिला अध्यक्ष रविंद्र मलिक, सोनू सरपंच, खुशविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रेरणास्रोत : सौदान सिंह
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रेरणास्रोत : सौदान सिंह


