निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत विकास और सुशासन की राजनीति पर जनता की मुहर : नायब सिंह सैनी
हरियाणा की जनता ने ट्रिपल इंजन सरकार को चुना, विकास मॉडल पर जताया भरोसा
निकाय चुनावों में कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को जनता ने नकारा : नायब सिंह सैनी
सत्ता नहीं, सेवा का संदेश है जनादेश : मुख्यमंत्री
चंडीगढ़ 14 मई : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक और एकतरफा जीत इस बात का स्पष्ट संकेत है कि हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन, पारदर्शिता और राष्ट्रवाद की राजनीति को खुले दिल से स्वीकार किया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक विजय के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री गुरुवार को पंचकूला में आयोजित नगर निकायों के नव-निर्वाचित मेयर, चेयरमैन एवं पार्षदों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने निकाय चुनावों में कांग्रेस की परिवारवाद, झूठ, भ्रम और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह नकारते हुए भाजपा के विकास मॉडल पर अपनी मुहर लगाई है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार कर हुए कहा कि निकाय चुनावों में जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उन्हें केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए; केवल वादे नहीं, बल्कि काम चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने विकास को ध्यान में रखते हुए नगर निकायों में “ट्रिपल इंजन सरकार” बनाने का कार्य किया है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की जनता द्वारा भाजपा को मिला समर्थन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण नीतियों, अंत्योदय की भावना तथा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि आज देश का गरीब, किसान, युवा, महिला, व्यापारी और कर्मचारी वर्ग प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है। यही कारण है कि देशभर में भाजपा लगातार जीत का परचम लहरा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिसार, गुरुग्राम, यमुनानगर और फरीदाबाद नगर निगम चुनावों के साथ-साथ अब पंचकूला, अंबाला और सोनीपत निगम चुनावों में भी जनता ने भाजपा को एकतरफा समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि निगम, परिषद और पालिका चुनावों में लोगों का विश्वास लगातार भाजपा की विकासात्मक नीतियों में बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। भारत ने विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को छुआ है, वहीं हरियाणा ने भी विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित किए हैं। केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों से गरीब और किसान सशक्त हुए हैं तथा महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
हाल ही में असम और पश्चिम बंगाल के चुनावों में हुई जीत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असम की डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को बंगाल की जनता ने भी सराहा और भाजपा के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में पंजाब की जनता भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा जताते हुए कमल का फूल खिलाएगी ।
मुख्यमंत्री ने निकाय चुनावों में विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उनसे जनता की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का संदेश है। अपने-अपने वार्डों में लोगों की सड़कों, बिजली, पानी तथा अन्य मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए “नागरिक देवो भव” के मंत्र को शासन व्यवस्था का मूल आधार मानते हुए जनसेवा की भावना से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान जारी किए गए घोषणा पत्र को अक्षरशः लागू किया जाएगा। विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारें घोषणाएं तो करती थीं, लेकिन उन्हें धरातल पर लागू नहीं करती थीं, जबकि वर्तमान सरकार अपने प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनावों के दौरान लिए गए 217 संकल्पों में से 63 को सरकार ने डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा कर लिया है तथा शेष पर तेजी से कार्य जारी है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक , राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल , लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा, सहकारिता मंत्री डॉ अरविन्द शर्मा , सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी , खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर , राज्यसभा सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा एवं श्री रेखा शर्मा , पूर्व मंत्री श्री कंवर पाल गुर्जर, पंचकूला के नव-निर्वाचित मेयर श्री श्यामलाल बंसल, अंबाला की मेयर अक्षिता सैनी, सोनीपत के मेयर श्री राजीव जैन तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
क्रमांक-2026
20 मई से शुरू होगी एमडीयू की विभिन्न यूजी एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं
बीबीए, बीसीए, बीएचएमसीटी, बी.वोक., बीपीएड सहित अनेक कोर्सों की डेटशीट जारी
चंडीगढ़ , 14 मई – महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी रोहतक की मई 2026 की विभिन्न स्नातक एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की थ्योरी परीक्षाएं 20 मई से प्रारंभ होंगी।
यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता ने बताया कि बीबीए, बीबीए (सीएएम), बीबीए (II), बीबीए (बीई), बीसीए की की परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी गयी है। इसके अलावा , बीएचएमसीटी, बीएससी होम साइंस, बीएससी बायोटेक, बीएससी स्पोर्ट्स साइंस, बी.वोक. तथा बीपीएड समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों के नियमित, री-अपीयर एवं इम्प्रूवमेंट, बीबीए, बीसीए एवं अन्य पाठ्यक्रमों के द्वितीय एवं पंचम सेमेस्टर की री-अपीयर/इम्प्रूवमेंट, चतुर्थ सेमेस्टर के गैप-ईयर, री-अपीयर तथा इम्प्रूवमेंट, छठे सेमेस्टर के नियमित, री-अपीयर एवं इम्प्रूवमेंट, बीएचएमसीटी चार वर्षीय कार्यक्रम के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की नियमित एवं री-अपीयर परीक्षाएं तथा सातवें सेमेस्टर की री-अपीयर/इम्प्रूवमेंट, बी.वोक. के विभिन्न पाठ्यक्रमों-कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड होटल मैनेजमेंट, रिटेल मैनेजमेंट, इंटीरियर डिजाइन, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, मार्केटिंग मैनेजमेंट एंड आईटी, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट तथा स्पोर्ट्स, न्यूट्रिशन एंड फिजियोथेरेपी, डी.पी.एड. तथा बी.पी.एड. पाठ्यक्रमों के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की नियमित, री-अपीयर एवं इम्प्रूवमेंट परीक्षाओं के साथ-साथ बी.पी.एड. तृतीय सेमेस्टर की केवल री-अपीयर की परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी गयी है। डेटशीट एमडीयू वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
उधर , प्रवक्ता ने आगे बताया कि महर्षि दयानन्द यूनिवर्सिटी रोहतक ने दिसंबर 2025 में आयोजित एमए एजुकेशन के प्रथम और तीसरे सेमेस्टर, एमए लोक प्रशासन के तीसरे सेमेस्टर के फ्रेश व री-अपीयर तथा एमए लोक प्रशासन (ऑनलाइन) के तीसरे सेमेस्टर फ्रेश की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है।


