पंजाब में वेरका दूध हुआ महंगा, आज से लागू हुई नई कीमतें; आम लोगों की जेब पर बढ़ेगा बोझ
चंडीगढ़: पंजाब में लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। वेरका ने अपने दूध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें आज से चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला, रोपड़ और आसपास के इलाकों में लागू हो गई हैं। कंपनी ने दूध की कीमतों में प्रति लीटर दो रुपये तक का इजाफा किया है, जिसका सीधा असर आम परिवारों के रसोई बजट पर पड़ेगा।
जारी नई कीमतों के अनुसार अब वेरका का फुल क्रीम दूध एक लीटर पैकेट 69 रुपये की बजाय 71 रुपये में मिलेगा। वहीं 500 एमएल फुल क्रीम दूध का पैकेट 35 रुपये से बढ़ाकर 36 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा स्टैंडर्ड मिल्क की कीमत 32 रुपये से बढ़कर 33 रुपये प्रति पैकेट हो गई है, जबकि टोंड मिल्क अब 29 रुपये की जगह 30 रुपये में मिलेगा।
हालांकि कंपनी ने कुछ पैकिंग पर कीमतें स्थिर रखी हैं। 200 एमएल डीटीएम, 350 एमएल टीएम और 6 लीटर पैक की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दूध की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पहले से ही रसोई गैस, सब्जियों और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से परेशान उपभोक्ताओं पर अब दूध महंगा होने का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। खासकर बच्चों वाले परिवारों और रोजाना दूध का अधिक इस्तेमाल करने वाले घरों के खर्च में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में अमूल और मदर डेयरी जैसी बड़ी कंपनियों ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। कंपनियों का कहना है कि पशु चारे, परिवहन और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बढ़ती खाद्य महंगाई का असर आम लोगों की मासिक बचत पर साफ दिखाई देने लगा है। दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है।


