महंगाई पर सरकार जवाब दे, सस्ता हुआ कच्चा तेल तो पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के दाम कब घटेंगे? : कुमारी सैलजा
चंडीगढ़/सिरसा, 17 जून
सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि महंगाई आज देश के करोड़ों परिवारों के लिए सबसे बड़ी चिंता बन चुकी है। रसोई का बजट बिगड़ चुका है, बच्चों की शिक्षा, बिजली, परिवहन और दैनिक जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जबकि आम नागरिक की आय उसी अनुपात में नहीं बढ़ी है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि मई माह में थोक महंगाई दर में हुई वृद्धि और आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतें यह साबित करती हैं कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल रही है। खाद्य पदार्थों, बिजली और ईंधन की बढ़ती लागत का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। सांसद ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट आने के बावजूद देशवासियों को उसका लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा। पिछले कुछ समय में ब्रेंट क्रूड की कीमतें अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे आ चुकी हैं, लेकिन पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में उसी अनुपात में राहत देखने को नहीं मिल रही।
कुमारी सैलजा ने कहा कि पिछले दो महीनों में केंद्र सरकार ने कई बार एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। अब जब विश्व बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से घटे हैं तो सरकार को तत्काल पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कमी कर आम जनता को राहत देनी चाहिए। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार के लिए महंगाई केवल एक आर्थिक आंकड़ा हो सकती है, लेकिन किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, गृहिणियों और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए यह रोजमर्रा के संघर्ष का विषय है। जनता जानना चाहती है कि आखिर कब उसे महंगाई से राहत मिलेगी और कब तक उसकी जेब पर अतिरिक्त बोझ डाला जाता रहेगा। कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार से मांग की कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए तथा पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों में तत्काल कमी की जाए ताकि महंगाई से जूझ रहे देशवासियों को कुछ राहत मिल सके।
फोटो कुमारी सैलजा


