Homeपंजाबगुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर पुल का नाम रखने की...

गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर पुल का नाम रखने की मांग, हरपाल चीमा ने नीतीश सेतु पर जताया विरोध

चंडीगढ़, 21 नवंबर।

आम आदमी पार्टी (आप) ने बिहार सरकार द्वारा कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखने के फैसले की कड़ी निंदा की है। आप के वरिष्ठ नेता और पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इस फैसले को सिख भावनाओं का अपमान और दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की महान विरासत का दुर्भाग्यपूर्ण राजनीतिकरण करार दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे पुल का मौजूदा नाम रखे जाने की स्थिति में इसका उद्घाटन न करें।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि बिहार विधानसभा में पहले इस पुल का नाम श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव सामने आया था। ऐसे में उस प्रस्ताव से पीछे हटकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी केवल सिख समुदाय ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए श्रद्धा और सम्मान के प्रतीक हैं। उनकी महान विरासत और बलिदानों का सम्मान किया जाना चाहिए।

चीमा ने कहा कि यदि बिहार सरकार नीतीश कुमार का सम्मान करना चाहती है तो इसके लिए कई अन्य तरीके अपनाए जा सकते हैं, लेकिन दसवें पातशाह के नाम पर प्रस्तावित पुल का नाम बदलना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से हस्तक्षेप कर इस फैसले पर पुनर्विचार करवाने की मांग की।

पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे सिख समुदाय और बिहार के लोगों की भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने पहले लोगों की मांग पर पुल का नाम श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखने की प्रक्रिया शुरू की थी। ऐसे में अब नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखने का फैसला निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक नेता को सम्मान देने के कई तरीके हो सकते हैं, लेकिन इस पुल का नाम गुरु साहिब के नाम पर ही रखा जाना चाहिए।

वहीं, आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भी बिहार सरकार के फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि करीब 4,300 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल तख्त श्री पटना साहिब के नजदीक स्थित है। इसलिए इसका नाम श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव पूरी तरह उचित था।

धालीवाल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक नेता का योगदान श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की महान विरासत से बड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि पुल का नाम गुरु साहिब के नाम पर ही रखा जाए। साथ ही उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) और अन्य सिख संगठनों से इस मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करने की अपील की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments