चंडीगढ़, 27 नवंबर: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने कर्मचारी संगठनों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए बातचीत तेज कर दी है। इसी कड़ी में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शुक्रवार को विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठकें कीं। इन बैठकों में कर्मचारियों की लंबित मांगों, शिकायतों और अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कर्मचारी मामलों के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन हरपाल सिंह चीमा ने सभी कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और उनकी ओर से उठाए गए मुद्दों की समीक्षा की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडलों को उनकी मांगों की मौजूदा प्रशासनिक और वित्तीय स्थिति के बारे में भी जानकारी दी।
इस दौरान वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया कि भगवंत मान सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यूनियनों की सभी वाजिब मांगों को जल्द पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और कर्मचारियों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
छह कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से हुई मुलाकात
दिनभर चली बैठकों के दौरान हरपाल सिंह चीमा ने छह कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इनमें बेरोजगार लाइब्रेरियन फ्रंट पंजाब, डेमोक्रेटिक मिड-डे मील कुक फ्रंट पंजाब, गवर्नमेंट ड्रग डी-एडिक्शन एंड रिहैबिलिटेशन एंप्लॉयीज यूनियन पंजाब, आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन पंजाब, जॉइंट एक्शन कमेटी एससी/बीसी (कर्मचारी, सामाजिक, धार्मिक) संगठन पंजाब और पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड एंप्लॉयीज कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स एंड लेबर यूनियन शामिल रहे।
बैठकों में बेरोजगार लाइब्रेरियन फ्रंट पंजाब के सहायक प्रदेश संयोजक भूपिंदर सिंह, डेमोक्रेटिक मिड-डे मील कुक फ्रंट की प्रदेश अध्यक्ष हरजिंदर कौर लोपो और ड्रग डी-एडिक्शन एंड रिहैबिलिटेशन एंप्लॉयीज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष परमिंदर सिंह ने अपने संगठनों की मांगें रखीं।
इसके अलावा आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरजिंदर सिंह औलख, जॉइंट एक्शन कमेटी एससी/बीसी के कोऑर्डिनेटर चेयरमैन जसबीर सिंह पाल और पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड एंप्लॉयीज कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स एंड लेबर यूनियन की ओर से शेर सिंह ने भी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष उठाए।
वित्त मंत्री ने सभी प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर रही है। कैबिनेट सब-कमेटी लंबित मांगों की समीक्षा कर रही है, ताकि कर्मचारियों के जायज मुद्दों का उचित समाधान किया जा सके।
news written by Priyanka Thakur


