पंजाब की 520 गौशालाओं को मिलेगा 100 करोड़ रुपये का अनुदान, 2.20 लाख गोवंश को होगा लाभ: अमन अरोड़ा
चंडीगढ़, 27 नवंबर: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने राज्य में पशु कल्याण और बेसहारा गोवंश की देखभाल के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य की 520 पंजीकृत गौशालाओं के लिए एकमुश्त 100 करोड़ रुपये का वित्तीय अनुदान जारी करने की मंजूरी दे दी है। इस राशि का लाभ करीब 2.20 लाख गोवंश को मिलेगा। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा ने शुक्रवार को पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में यह राशि संबंधित गौशालाओं के खातों में पहुंच जाएगी।
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी पंजीकृत गौशालाओं को वित्तीय सहायता के दायरे में शामिल किया गया है। कुल 520 संस्थानों में 500 गौशालाएं और 20 सरकारी कैटल पॉन्ड शामिल हैं। इनमें 228 शहरी और 272 ग्रामीण गौशालाएं हैं।
मंत्री ने बताया कि पहले सरकारी वित्तीय सहायता केवल शहरी नगरपालिका क्षेत्रों में स्थित 228 गौशालाओं तक सीमित थी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों की 272 गौशालाओं को कोई सरकारी अनुदान नहीं मिलता था। मुख्यमंत्री के साथ हुई समीक्षा बैठक में इस असमानता पर चर्चा की गई, जिसके बाद ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की गौशालाओं को सहायता देने का फैसला लिया गया।
चारे, दवाइयों और इलाज पर खर्च होगी राशि
अमन अरोड़ा ने कहा कि 100 करोड़ रुपये की इस सहायता से गौशालाओं को पशुओं के लिए पौष्टिक चारा, दवाइयां, इलाज और रखरखाव संबंधी जरूरी खर्च पूरे करने में मदद मिलेगी। इससे बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि भगवंत मान सरकार पहले ही गौशालाओं को बिजली खर्च से छूट दे चुकी है और करीब 100 करोड़ रुपये के पुराने बकाया बिजली बिल भी माफ किए जा चुके हैं। राज्य की गौशालाओं को मुफ्त बिजली देने का फैसला भी इसी दिशा में उठाया गया है।
गौ रक्षा संगठनों की मांग पर लिया फैसला
मंत्री ने बताया कि विभिन्न गौ रक्षा दलों और गौशाला एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और जरूरतें रखी थीं। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर विचार करते हुए गौशालाओं को वित्तीय सहायता देने के निर्देश दिए।
अमन अरोड़ा ने गौ भक्तों, स्वयंसेवकों और सामाजिक संस्थाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पशुधन की सुरक्षा और देखभाल के लिए काम करने वाली संस्थाओं को हर संभव सहयोग देती रहेगी।
news written by Priyanka Thakur


