नई दिल्ली: पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में ऐतिहासिक कमी आने को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री खुद स्वीकार कर रहे हैं कि पंजाब के किसानों ने पराली जलाने की घटनाओं में काफी कमी की है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस गंदी राजनीति के तहत लगातार पंजाब के किसानों को बदनाम करती रही हैं।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर शिवराज सिंह चौहान का वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा कांग्रेस के साथ मिलकर पंजाब के किसानों को दिन-रात गालियां देती है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री का बयान भाजपा के उस प्रचार पर सवाल खड़े करता है, जिसमें दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराया जाता है।
शिवराज सिंह चौहान के बयान पर सौरभ भारद्वाज की प्रतिक्रिया
AAP दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी केंद्रीय मंत्री के बयान का स्वागत करते हुए उन पर व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि उन्हें शिवराज सिंह चौहान और उनके राजनीतिक करियर की चिंता हो रही है, क्योंकि मोदी सरकार में रहते हुए इतना सच बोलने की हिम्मत दिखाना आसान नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि पंजाब के किसानों के पक्ष में बयान देने के कारण कहीं उन्हें मंत्री पद से न हटा दिया जाए।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जहां दिल्ली में भाजपा सरकार के मंत्री लगातार पंजाब की पराली और किसानों को प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराते हैं, वहीं शिवराज सिंह चौहान ने वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर कहा है कि दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब के किसानों को दोष देना उचित नहीं है।
AAP सरकार के बाद पराली जलाने की घटनाओं में 90% कमी का दावा
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से पराली जलाने की घटनाओं में 90 फीसदी की कमी आई है। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों ने पराली प्रबंधन के लिए काफी मेहनत की है। किसानों ने अपने खर्च पर मशीनें और उपकरण उपलब्ध करवाए तथा पराली को रिसाइकिल करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया है।
उन्होंने कहा कि किसानों की इस मेहनत की सराहना की जानी चाहिए। यदि किसानों के प्रयासों को मान्यता नहीं मिलेगी तो उन्हें पराली प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित करना मुश्किल होगा।
सौरभ भारद्वाज ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पंजाब के किसानों की मेहनत को स्वीकार करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों ने पराली प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं और उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
news written by Priyanka Thakur


