Friday, November 21, 2025
Homeहरियाणालोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए ही लड़ाई लड़ रहे है...

लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए ही लड़ाई लड़ रहे है राहुल गांधी: राव नरेंद्र सिंह

लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए ही लड़ाई लड़ रहे है राहुल गांधी: राव नरेंद्र सिंह

 

राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है न की भाजपा की: कुमारी सैलजा

 

कांग्रेस की ओर से जिला स्तरीय वोट चोर गद्दी छोड़ प्रदर्शन में पहुंचे कार्यकर्ता

 

सिरसा, 21 नवंबर।

 

हरियाणा कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि आज लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे है। राहुल गांधी के सवाल पर अभी तक चुनाव आयोग ने चुप्पी साधी हुई है जिससे साफ है कि वोट चोरी हुई है, सरकार चोरी हुई है।  उन्होंने कहा कि इस देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर इस लड़ाई में शामिल होना होगा। राव नरेंद्र सिंह ने सभी से मंच से 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में शामिल होने की अपील की। वे शुक्रवार को लघु सचिवालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय वोट चोर गद्दी छोड़ प्रदर्शन से पूर्व विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

 

इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश के सह-प्रभारी प्रफुल्ल गुडधे, विधायक चौ. भरत सिंह बैनीवाल, विधायक शीशपाल केहरवाला, विधायक गोकुल सेतिया, जिला प्रधान संतोष बैनीवाल, सर्व मित्र कंबोज, राजकुमार शर्मा, वीरभान मेहता, नवीन केडिया, बलविंदर सिंह ठरवी, जयपाल सिंह लाली, अमीर चावला, संदीप नेहरा, राजेश चाडीवाल, रतन सिंह गेदर, राम सिंह सोलंकी चेयरमैन, महेश झोरड़ चेयरमैन, कृष्णा फोगाट, गजानंद सोनी, दलीप सिंह, जग्गा सिंह बराड़, गुरमेल सिंह आदि मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में कैसे सरकार बनी, ये सरकार जनता ने बनाई या ईवीएम ने या वोट चोरी करके बनाई। मतगणना वाले दिन ईवीएम की बैटरी फुल मिलती हैै यानि कुछ तो गड़बड़  हुई। सिरसा के हर विधानसभा क्षेत्र में वोट चोरी हुई अगर ऐसा न होता तो पांचों सीटें कांग्रेस की होती। हरियाणा में 25 लाख वोटों की हेराफेरी हुई।

 

प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश में भाजपा सरकार और मोदी के खिलाफ आवाज केवल राहुल गांधी ही उठा रहे है। कांग्रेस ने पहले भी संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संदेश को अब जन जन तक पहुंचाना है, जनता को सच्चाई से अवगत करवाना है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही थी और हर व्यक्ति की जुबान पर कांग्रेस का ही नाम था पर भाजपा ने हेराफेरी की ओर सरकार बना ली। भाजपा ने मतदाता से उसका हक छीना है जिसका जवाब देने का समय आ गया है। राव नरेंद्र सिंह ने सभी से मंच से 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में भी 65 लाख वोट काटे गए और 21 लाख नए वोट जोड़े गए। बिहार में भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए महिलाओं को दस दस हजार रुपये उनके खाते में डाले।

 

सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्षरत है। राहुल गांधी ने वोट चोरी का पर्दाफाश कर देश की आंखें खोली है जबकि हम जानते है कि हमारे देश का लोकतंत्र विश्व का सबसे मजबूत है पर उसे भाजपा सरकार किस प्रकार नुकसान पहुंचा रही हैं। कैसे इस लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। लोकतंत्र को कमजोर करके वोट चोरी की जा रही है, सरकार चोरी की जा रही है। कांग्रेस के लोगों की कुर्बानियों के कारण ही देश का संविधान बना जिससे लोकतंत्र मजबूत हुआ। हमारे पड़ोसी देशों में लोकतंत्र कमजोर होता जा रहा है या खत्म हो चुका हैै। संविधान के कारण देश में लोकतंत्र जिंदा है। कांग्रेस संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ेगी और लोकतंत्र को किसी भी सूरत में कमजोर नहीं होने देगी। जो भी देश के लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास करेगा कांग्रेस उसके सामने खड़ी मिलेगी। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा ने जो कार्य किए है उनके बारे में सब जानते हैं, इस देश का किसान, मजदूर, दलित सब के सब परेशान है पर भाजपा कोई सुनवाई नहीं कर रही है। हमने लोगों के हकों की लड़ाई लड़ी और जेल भी गए।

 

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि एक बात अच्छी तरह से याद रखना कि लोकदल और भाजपा दोनों अलग-अलग नहीं है ये दोनों एक ही है और इस बात को याद रखना। भाजपा सरकार के राज में सबसे ज्यादा किसान परेशान है, मंडियों में एक से बढक़र एक घोटाला हो रहा है, सरकार सबकुछ जानते हुए भी चुप है। मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल रही है, मनरेगा के तहत काम नहीं मिल रहा है। ये सरकार न गरीबों की हैै और न ही किसानों की। सरकार जनता के साथ पोर्टल पोर्टल खेल रही है। जहां पर जनता के लिए दरवाजे खोलने चाहिए वहां पर दरवाजे बंद कर दिए गए है। उधर भाजपा सरकार ऐसे दावे कर रही हैै जैसे स्वर्णकाल चल रहा हो। युवा नौकरी के लिए भटक रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को उठाती रहेगी। सांसद ने कहा कि राहुल गांधी ने सबूतों के साथ अपनी बात देश के समक्ष रख दी है अब उसका जवाब देने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है जो अभी तक चुप्पी साधे हुए है। जनता के हक की लड़ाई सड़क पर भी और सदन में भी लड़ी जाएगी। इस अवसर पर विधायक चौ. भरत सिंह बैनीवाल, विधायक शीशपाल केहरवाला, विधायक गोकुल सेतिया ने भी विचार व्यक्त किए। मंच संचालन बलविंदर सिंह ठरवी ने किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी जुलूस के रूप में लघु सचिवालय के मुख्य द्वार पर गए जहां पर उन्होंने उपायुक्त शांतनु को ज्ञापन सौंपा।

 

सिरसा में है सबसे ज्यादा नशा

 

कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है, भर्तियां नहीं जा रही है, एचकेआरएन के तहत भर्ती पर युवाओं का आर्थिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है, बेरोजगार युवा नशे की गिरफ़्त में आ रहा है। सिरसा प्रदेश का सबसे ज्यादा नशा प्रभावित जिला हैै जहां अधिकतर गांव में नशे की चपेट में आए युवाओं की मौत हो रही है, रोडी, कालांवाली, डबवाली और रानियां में मौत का सिलसिला जारी है। सरकार दावे तो हजार कर रही है पर नशा रूकने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार को इस दिशा में सख्त कदम उठाना होगा, युवाओं को रोजगार देकर इस दलदल से बाहर निकालना होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments