दीपोत्सव से गीता का संदेश पहुंचेगा विश्व तक: CM नायब सिंह सैनी, ब्रह्मसरोवर पर मंत्रोच्चारण के बीच दीपदान
चंडीगढ़, — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गीता जयंती के पावन अवसर पर पवित्र एवं ऐतिहासिक सन्निहित सरोवर पर दीपोत्सव मनाना अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गीता के दिव्य उपदेशों की रोशनी अब दुनिया के हर व्यक्ति तक पहुंचेगी और मानव जीवन को अलौकिक दिशा प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री सोमवार को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 के तहत आयोजित दीपदान कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मंत्रोच्चारण और शंखनाद की ध्वनियों के बीच सरोवर में दीप प्रवाहित किए। उनके साथ गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी मौजूद रहे।
ब्रह्मसरोवर हजारों दीपों से जगमगाया
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने सभी को गीता जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की इसी पवित्र भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का उपदेश दिया था, इसलिए यह दिन संपूर्ण विश्व के लिए गौरव का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने दीपदान कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तीर्थोंद्घार ब्राह्मण महासभा सहित विभिन्न संस्थाओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, जिला परिषद चेयरमैन कंवलजीत कौर, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल सहित कई अधिकारी और गणमान्य उपस्थित रहे।


