Thursday, March 5, 2026
Homeहरियाणाराष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को किया नमन

राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को किया नमन

राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को किया नमन

 

चंडीगढ़,  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में गुरुग्राम स्थित एसपीआर रोड पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम में गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहन लाल बड़ौली, पूर्व सांसद सुधा यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

नैतिकता, पारदर्शिता और जनकल्याण को सर्वोपरि रखते हुए स्वास्थ्य लक्ष्यों में सहभागी संस्थाओं का हरियाणा में स्वागत – मुख्यमंत्री

 

गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया प्रेम सागर हृदय रोग चिकित्सालय का उद्घाटन

 

हरियाणा सरकार का निरंतर प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएँ सस्ती, सुलभ और प्रभावी हों -मुख्यमंत्री

 

चंडीगढ़, 12 जनवरी — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नैतिकता, पारदर्शिता और जनकल्याण को सर्वोपरि रखते हुए राज्य के स्वास्थ्य लक्ष्यों में सहभागी बनने वाली सभी जिम्मेदार संस्थाओं का हरियाणा में स्वागत है। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के मजबूत ढांचे के साथ-साथ निजी क्षेत्र की जांच एवं चिकित्सा सेवाओं की भूमिका भी नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर सेक्टर 12ए स्थित भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप न्यास गुरुग्राम द्वारा संचालित ‘विवेकानंद आरोग्य केंद्र’ में प्रेम सागर हृदय रोग चिकित्सालय के लोकार्पण समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में स्वामी विवेकानन्द जी की 163वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों को लोहड़ी, मकर संक्रांति तथा पोंगल पर्व की शुभकामनाएं भी दी।

 

हरियाणा सरकार का निरंतर प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएँ सस्ती, सुलभ और प्रभावी हों

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सस्ती, सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हों। विवेकानंद आरोग्य केंद्र जैसे संस्थान इन प्रयासों को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के फिट इंडिया के संदेश से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने हरियाणा में आधुनिक जांच एवं उपचार सुविधाओं को आमजन तक पहुँचाया है। सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि धन के अभाव में कोई भी गरीब नागरिक इलाज से वंचित न रहे। प्रदेश में आयुष्मान भारत–चिरायु योजना के अंतर्गत अब तक 1 करोड़ 34 लाख कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लगभग 25 लाख मरीजों के इलाज पर 4,500 करोड़ रुपये के क्लेम दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये वार्षिक तक निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है, जिसके अंतर्गत अब तक 26,513 बुजुर्गों के इलाज पर 53 करोड़ 57 लाख रुपये के क्लेम प्रदान किए गए हैं।

 

सरकारी अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से किया जा रहा सुसज्जित

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक जिले के सरकारी अस्पतालों में निजी अस्पतालों की तरह आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी दिशा में पहले चरण में 10 जिला अस्पतालों में ऐसी सुविधाएं शुरू की जा चुकी हैं, जबकि 12 अन्य जिला अस्पतालों में इन सुविधाओं को विकसित करने का कार्य प्रगति पर है। सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ उपचार अपने जिले में ही उपलब्ध हो सके। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संस्था को सहयोग करने वाले गणमान्य को सम्मानित करने के साथ- साथ संस्था को 31 लाख रुपये की सहयोग राशि देने को घोषणा भी की।

उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संघचालक पवन जिंदल, भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन, विवेकानंद आरोग्य केंद्र के अध्यक्ष विनोद मित्तल तथा सहयोगी मुकेश अग्रवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय सह संघचालक प्रताप यादव, प्रांत प्रचारक डॉ. सुनील कुमार,  गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा व अन्य मौजूद रहे।

 

राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध : कृषि मंत्री

 

 कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की बजट-पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की

 

चंडीगढ़, 12 जनवरी — हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी कल्याणकारी योजना के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, बशर्ते कि उपलब्ध बजट का सही, पारदर्शी और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचना चाहिए।

श्री श्याम सिंह राणा आज चंडीगढ़ में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की बजट-पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं के अंतर्गत पिछले वर्ष आवंटित बजट के उपयोग, वर्तमान वित्तीय स्थिति तथा आगामी वर्ष में संभावित खर्चों को लेकर विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक के दौरान श्री राणा ने “ मेरा पानी मेरी विरासत” योजना की प्रगति की समीक्षा की और जल संरक्षण को प्रदेश की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि धान जैसी अधिक पानी लेने वाली फसलों के विकल्पों को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों के प्रति जागरूक किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने धान की पराली एवं अन्य फसल अवशेषों के वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए किसानों को मशीनरी, तकनीकी सहायता और प्रोत्साहन राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि पर्यावरण प्रदूषण को रोका जा सके।

कृषि मंत्री ने सॉयल हेल्थ कार्ड योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि मिट्टी की जांच केवल औपचारिकता न रह जाए, बल्कि इसके माध्यम से किसानों को बिजाई से लेकर फसल कटाई तक उर्वरक उपयोग, फसल चयन और उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक मार्गदर्शन मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सॉयल हेल्थ कार्ड के सुझावों का पालन सुनिश्चित करने के लिए किसानों के साथ नियमित संवाद किया जाए।

श्री श्याम सिंह राणा ने खेतों को खाद और पानी के मामले में आत्मनिर्भर बनाने पर बल देते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग ही टिकाऊ कृषि का आधार है। उन्होंने किसानों को ऑर्गेनिक खेती की ओर प्रेरित करने के निर्देश भी दिए, ताकि खेती की लागत घटे, मिट्टी की उर्वरता बनी रहे और उपभोक्ताओं को जहर मुक्त एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है कि किसान आर्थिक रूप से सशक्त हों, उनकी आमदनी बढ़े और खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सके। इसके लिए विभागीय अधिकारी समन्वय के साथ काम करें और जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करे।

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के महानिदेशक श्री राजनारायण कौशिक, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक श्री मुकेश कुमार आहूजा के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments