पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन के उद्घाटन अवसर पर भारत सरकार से एक बार फिर आग्रह किया कि इस हवाई अड्डे का नाम महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि यह भारत के स्वतंत्रता संग्राम के सबसे कम उम्र के नायकों में से एक को दी जाने वाली सच्ची और स्थायी श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब उस ऐतिहासिक मोड़ की ओर तेजी से अग्रसर है, जहां राज्य के चारों हवाई अड्डों के नाम महान गुरुओं और शहीदों के नाम पर होंगे, जिससे आधुनिक बुनियादी ढांचा पंजाब की आध्यात्मिक और क्रांतिकारी विरासत से जुड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हवाई अड्डे के वर्चुअल उद्घाटन के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा ने मात्र 19 वर्ष की आयु में मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान गदर आंदोलन की प्रेरणा बना और शहीद-ए-आजम भगत सिंह भी उन्हें अपना आदर्श मानते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि हलवारा हवाई अड्डे का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखा जाता है, तो पंजाब के दो हवाई अड्डे गुरुओं और दो शहीदों के नाम पर होंगे। उन्होंने गुरु रविदास के प्रकाश पर्व पर जनता को बधाई देते हुए आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास महाराज के नाम पर रखे जाने को गर्व का विषय बताया।
हलवारा हवाई अड्डे के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में केंद्र के साथ मिलकर यहां से कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।


