पंजाब में निकाय चुनाव का बिगुल, 28 नवंबर को होगा मतदान; 1.76 लाख मतदाता करेंगे वोट
चंडीगढ़, 12 नवंबर: पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर राज्य चुनाव आयोग ने बड़ा ऐलान किया है। आयोग ने नगर निगम पटियाला के 30 वार्डों, नगर परिषद बाघा पुराना के 15 वार्डों और नगर परिषद धर्मकोट के 7 वार्डों में सदस्यों के पुनः चुनाव करवाने का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इन तीनों निकायों के कुल 52 वार्डों में 28 नवंबर 2026 को मतदान करवाया जाएगा।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत 13 नवंबर से होगी। उम्मीदवार 19 नवंबर तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जानिए चुनाव का पूरा शेड्यूल
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 13 नवंबर को नामांकन का पहला दिन होगा। 14, 15 और 16 नवंबर को अवकाश के कारण नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसके बाद 17, 18 और 19 नवंबर को उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी। उम्मीदवार 21 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 28 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना के संबंध में निर्देश बाद में जारी किए जाएंगे।
1,76,429 मतदाता करेंगे मतदान
इन चुनावों में कुल 1,76,429 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 91,415 पुरुष, 84,999 महिलाएं और 15 अन्य मतदाता शामिल हैं।
मतदान के लिए पटियाला के 30 वार्डों में 123 मतदान केंद्र, बाघा पुराना के 15 वार्डों में 20 मतदान केंद्र और धर्मकोट के 7 वार्डों में 7 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। चुनाव EVM के माध्यम से करवाए जाएंगे।
उम्मीदवारों के लिए खर्च की सीमा तय
आयोग ने चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए खर्च की सीमा भी निर्धारित की है। नगर निगम के उम्मीदवार अधिकतम 4 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे, जबकि नगर परिषदों (क्लास-II) के उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 2.30 लाख रुपये तय की गई है।
सभी उम्मीदवारों के लिए निर्धारित शपथ पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को पार्टी का प्राधिकरण पत्र भी संलग्न करना होगा। उम्मीदवारों का KYC विवरण संबंधित जिलों की वेबसाइटों पर अपलोड किया जाएगा।
चुनाव क्षेत्रों में आचार संहिता लागू
राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक निगरानी कमेटी गठित की गई है। आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध पूरे करने का दावा किया है।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही पटियाला, बाघा पुराना और धर्मकोट के संबंधित चुनाव क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
News written by Priyanka Thakur


